ABC News: बिठूर थाना क्षेत्र के कुरसौली में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यहां पर बच्चों को नहर के अंदर एक झोले में कारतूस, बंदूक की नाल आदि मिली. बताया जा रहा है कि कुरसौली के महादेवन मंदिर के सामने नहर में बच्चे मछलियों का शिकार कर रहे थे. इसी तरह इन बच्चों को नहर के अंदर एक पान मसाला का झोला मिला.

बच्चों ने उत्सकुुतावश उस झोले को नहर से निकाल लिया और घाट पर लोकर जब उसे खोला तो दंग रह गए. झोले के अंदर बंदूक की एक नाल, कटी सिंगल बैरल बंदूक, 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस और 2 पीतल के जिंदा कारतूस मिले. सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई. ग्राम प्रधान अमित ठाकुर की सूचना पर मंधना बिठूर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और झोले को कब्जे में लिया. बताया जा रहा है कि झोले के अंदर कल्याणपुर स्थित ज्वैलर्स की दो दुकानों के खाली ज्वेलरी पर्स भी मिले. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चोरों ने किसी के घर में चोरी करने के बाद माल झोले के रखा होगा और कीमती चीजों को निकालने के बाद बैग नहर में फेंक दिया होगा. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

