ABC News: सीसामऊ उपचुनाव में मतदान के दिन हुए हंगामे के बाद मतगणना के दिन ऐसा न हो, इसके लिए यहां पर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है. नौबस्ता गल्ला मंडी में एक दिन पहले से ही किसी को बगैर परिचय पत्र के इंट्री नहीं दी जा रही है. प्रवेश द्वार से मतगणना स्थल तक भारी फोर्स को तैनात किया गया है.

बताया जा रहा है कि फोर्स के साथ क्यूआरटी की पांच टीमें भी गल्ला मंडी में लगातार भ्रमणशील रहेंगी. इससे पहले पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी साउथ अंकिता शर्मा, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार के साथ मतगणना स्थल का जायजा लिया. आपको बता दें कि शनिवार को यहां पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी. 14 राउंड तक चलने वाली मतगणना का परिणाम दोपहर दो बजे तक आने की उम्मीद जाहिर की जा रही है. ऐसे में मतगणना के दौरान किसी किस्म का तनाव न हो, इसको लेकर फोर्स ने पूरी तैयारी की है. पुलिस ने विजय जुलूस निकालने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है, विजयी प्रत्याशी को कड़ी सुरक्षा में उसके घर तक पहुंचाया जाएगा. मतगणना ड्यूटी में एक डीसीपी, दो एडीसीपी, चार एसीपी, 10 इंस्पेक्टर, 41 पुरुष, 18 महिला दरोगा, हेड कांस्टेबल महिला व पुरुष 76, कांस्टेबल महिला व पुरुष 85, क्यूआरटी की पांच टीमें, पीएसी दो कंपनी, अभिसूचना इकाई, यातायात पुलिस और फायर बिग्रेड टीम तैनात रहेगी.

