ABC News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का कहना है कि वह लोग जनता को समझा रहे हैं कि उन्हें तलवार चाहिए या फिर व्यवहार चाहिए. भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में कानपुर आए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि पहले के समय तलवार से त्योहार मनाए जाते थे लेकिन जनता ने जबसे समझदारी दिखाते हुए भाजपा को सत्ता में लाई है.तब से व्यवहार से त्योहार मनाए जा रहे हैं और यही रामराज्य है.

रायपुरवा स्थित होटल में बनाए गए मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि हम लोग हमेशा चुनौती स्वीकार करते हैं, कोरोना के समय जब सभी घर में घुसे थे, तब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर निकलकर सभी की मदद की. पीडीए को लेकर कहा कि वह यहां पर एनडीए के साथ है. सपा का पीडीए परिवारवाद के मॉडल पर आधारित है. जब यह लोग सत्ता में थे तो निषादों के मुद्दे पर उदासीन बने रहे. भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में भयमुक्त, माफियामुक्त वातावरण दिया है. मुसलमानों को लेकर कहा कि पहले वह सपा, बसपा और कांग्रेस को लेकर भ्रमित रहता है. सच्चर कमेटी की रिपोर्ट इसका साक्षात उदाहरण है. अब अल्पसंख्यक मोर्चा के माध्यम से मुसलमानों को समझाया जा रहा है कि सरकार ने उनके लिए क्या किया है.

इसी तरह महिलाओं को आरक्षण के अलावा अधिकतर योजनाओं में उनकी प्रधानता को स्वीकार किया गया है. कुंभ में मुसलमानों के दुकान न लगाने संबंधी बयानों को लेकर कहा कि आस्था के केंद्रों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. सरकार के तौर पर वह सभी के साथ हैं लेकिन जिस तरह से पिछले दिनों खाने में थूकने आदि के मामले सामने आए हैं. इससे सवाल खड़े हो रहे हैं.

