ABC News: सीसामऊ विधानसभा से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नसीम सोलंकी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने आए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने साफ कहा कि उपचुनाव के दौरान अगर कोई अधिकारी बेईमानी करता है तो उसका नाम नोट कर लेना. समय आने पर ऐसे अधिकारियों की जांच होगी और जांच कर उन्हें दंडित भी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अधिकारी ड्यूटी के दौरान जिस करतव्य पालन की शपथ लेता है, उसे संविधान के अनुरूप पूरा करना चाहिए.

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जबकि सपा नेता स्थानीय प्रशासन पर लगातार आरोप लगा रहे हैं. पीपीएन मार्केट में कांग्रेस नेता और अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के साथ नसीम सोलंकी के कार्यालय का शुभारंभ करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि संकट के समय नसीम बीजेपी से आंखें मिलाकर चुनाव लड़ रही हैं. ऐसे में सभी कार्यकर्ता घर घर जाकर पार्टी के लिए वोट मांगेगे. अगर भाजपा के लोगों ने बेईमानी की तो उसका भी डटकर मुकाबला करेंगे. शिवपाल यादव ने कहा कि हम लोगों ने कभी किसी के साथ अन्याय नहीं किया.लेकिन इरफान सोलंकी के साथ भाजपा ने साजिश की है. उन्होंने कहा कि संविधान ने जो भी अधिकार दिए हैं, उसका पालन करते हुए चुनाव लड़ा जाएगा. इस दौरान अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से सपा प्रत्याशी के साथ रहने को कहा.

