ABC News: घाटमपुर थाना क्षेत्र के भदरस स्थित प्राचीन भद्रकाली देवी मंदिर में तीन बदमाशों ने देर रात धावा बोला. आहट होने पर पास के खेतों में पानी लगा रहे किसानों ने जब बदमाशों को ललकारा तो खुद को घिरता हुआ देखकर बदमाश फायरिंग कर भागने लगे. इस दौरान एक ग्रामीणों ने बदमाशों की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया.

बताया जा रहा है कि भदरस के राजेपुर निवासी राजू कहार भद्रकाली देवी मंदिर के पास खेतों में पानी लगा रहे थे. तभी बाइक से आए तीन बदमाशों पर उसकी नजर पड़ी. कुछ ही देर में तीनों बदमाश मंदिर की ओर बढ़े, तो उसने मंदिर के पुजारी व अन्य लोगों को जगाया. सभी लोगों ने जब बदमाशों को घेरा, तो वह मारपीट करने लगे. इसी बीच धक्कामुक्की होने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और तीनों बदमाश बाइक से भागने लगे. तभी उनकी बाइक के पहिए में फावड़े का बट घुसेड़ देने से तीनों गिर पड़े. इस दौरान जब तक ग्रामीण उन्हें पकड़ पाते, वह खेतों के रास्ते भाग निकले. बदमाशों को पकड़ने के लिए ग्रामीण सुबह तक इलाका घेरे रहे, लेकिन एक भी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा.

घटना को लेकर पुलिस के काफी देर से पहुंचने पर भी ग्रामीण आक्रोशित देखे गए. बाद में पुलिस बदमाशों की बाइक लेकर चली गई. ग्रामीणों की मानें, तो भदरस में स्थित प्राचीन भद्र काली मंदिर में लगे दान पत्र को लूटने के इरादे से बदमाश आए थे. 18 साल पहले इसी मंदिर से अष्टधातु की राधा-कृष्ण की मूर्तियां भी चोरी हुई थींं. पुलिस का कहना है कि बाइक को कब्जे में लेकर पड़ताल की जा रही है.

