ABC News: कानपुर में दीपावली के दिन बड़ा हादसा हो गया. यहां पर सीसामऊ थानाक्षेत्र के गणेश पार्क के पास एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया. इस विस्फोट में मकान में रह रहे दंपती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि युवक के शव के चीथड़े दूर तक गिरे. आसपास के आधा दर्जन मकानों में भी दरार आयी है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है. विस्फोट से कई मकान वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए.

बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के एक किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनी गई. जानकारी के अनुसार, सीसामऊ थानाक्षेत्र के गणेश पार्क के पास सुरेंद्र गौड़ और अपनी पत्नी नवीता और दो बच्चों के साथ रहते थे. बुधवार को अचानक उनके मकान में तेज धमाका हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान तक हिल गए.

इस बीच विस्फोट की चपेट में आकर सुरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, इस धमाके की चपेट में आकर सुरेंद्र का शव भी काफी दूर जाकर गिरा. इस बीच सुरेंद्र की पत्नी नवीता को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने भी दम तोड़ दिया. हालांकि, पुलिस अभी एक ही मौत की पुष्टि कर रही है. विस्फोट की वजह से आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं, जबकि कई चार पहिया और दो पहिया वाहन तक क्षतिग्रस्त हो गए.

इस घटना के बाद सुरेंद्र गौड़ के पड़ोसियों के चेहरों पर साफ तौर पर दहशत देखी गई. आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई, हालांकि, घटना के एक घंटे बाद तक मौके पर पुलिस का कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा. दीपावली के दिन इतना बड़ा हादसा होने के बाद गणेश पार्क के आसपास हर तरफ आंखों में दहशत का मंजर दिखा.

धमाका किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. मौके पर पहुंचे सीसामऊ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी का कहना है कि उन्होंने आसपड़ोस में जो जानकारी की है, उसके मुताबिक सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ है, जबकि पड़ोसियों का कहना है कि सुरेंद्र अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से पटाखे लेकर आए थे, पटाखे उतारते समय यह विस्फोट हुआ है.
मामले में पुलिस का कहना है कि घटना के हर बिंदु पर जांच की जा रही है. घटना की सूचना पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी भी मौके पर आ गए.

भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दंपती के दो बच्चे हैं, जिसमें उनके बच्चे के कुछ समय पहले ही ब्रेन हेमरेज हुआ था.

उन्होंने बताया कि घटना को लेकर उन्होंने डीएम और पुलिस कमिश्नर से बातचीत की है. लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर पटाखे भी बरामद हुए हैं. डीसीपी सेंट्रल दिनेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि सुरेंद्र गौड़ सुबह अपनी पत्नी के साथ सिलेंडर भराकर लाए थे. सिलेंडर में विस्फोट की वजह से हादसा हुआ है. पटाखों को लेकर उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है, सारी बातें जांच में स्पष्ट होंगी. पटाखों को लेकर यह बात भी सामने आयी कि कल रात यहां पर एक बर्थडे पार्टी भी मनाई गई, जिसके बचे पटाखे यहां पर पड़े होने की बात की जा रही है.

