नोएडा के सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-74 स्थित गांव सर्फाबाद के निकट निर्माणाधीन लोटस ग्रेनेडियर बैंक्वेट हॉल में मंगलवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे अचानक भीषण आग लग गई. दमकल कर्मियों ने करीब 15 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन आग की चपेट में आने से प्रवेंद्र नामक इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई. आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है.
DCP रामबदन सिंह ने बताया कि देर रात करीब साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली. तीन बजकर 40 मिनट पर दमकलकर्मी पांच गाड़ियों के साथ पहुंच गए. आग के विकराल रूप को देखते हुए मौके पर 10 और फायर टेंडर मंगाए गए. आग बुझाने के साथ साथ मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन के प्रवेंद्र नामक इलेक्ट्रिशियन कहीं फंस गया और उसकी मौत हो गई. दमकल कर्मी सुबह तक आग बुझाने में जुटे हुए हैं.
वहीं सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया चूंकि बैंक्वेट हॉल का इन्फ्रास्क्चर अधिकतर लकड़ी का बना हुआ है, इसके चलते आग रुक-रुक कर धधकने लगती है. इसलिए दमकल कर्मियों को पूरी तरह आग बुझाने में परेशानी हो रही है. बता दें कि एक वर्ष पहले 21 नवंबर 2023 को भी इसकी बैंक्वेट हॉल में आग लगी थी. उस दौरान आग वेल्डिंग करने के दौरान लगी थी. हालांकि उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी.

