अयोध्या (Ayodhya) में राम जन्मभूमि पर बने मंदिर के लोकार्पण के बाद होने वाले पहले दीपोत्सव पर एक तरफ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है. वहीं, 2017 से दीपोत्सव का यह आठवां आयोजन होगा जहां ‘रामलला की उपस्थिति’ में इस दीपोत्सव पर पूरे भारत को एक बार फिर रामनगरी में इकट्ठा होगा. इसको लेकर अयोध्या के एसएसपी राज करण नय्यर ने विशेष तैयारी की है.
दरअसल, दीपोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था पर अयोध्या के एसएसपी राज करन नय्यर ने कहा, दीपोत्सव के लिए अयोध्या को 14 जोन और 40 सेक्टर में बांटा गया है. सभी जगह वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है. कोशिश यही है कि सभी लोग अच्छे अनुभव के साथ जाएं, जो श्रद्धालु बाहर से आएंगे उनके लिए हमने अलग से व्यवस्था की है.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल करने की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में इस बार अयोध्या दीपोत्सव में डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलेंटियर्स द्वारा एक-एक दीये प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव में पिछला रिकार्ड तोड़ने की तैयारी है. सोमवार देर शाम तक सरयू के 55 घाट पर दीये सजाने का काम 30 हजार वॉलेंटियर्स द्वारा किया जाता रहा. वहीं मंगलवार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की 30 सदस्यीय टीम घाटों पर पहुंचकर दीयों की गिनती करेगी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर विश्वविद्यायल और जिला प्रशासन सरयू घाट पर कुल 28 लाख दीपकों को सजा रहा है. वहीं पूरे अयोध्या की बात करें तो करीब 35 लाख से अधिक दीये जलाने की संभावना है. वहीं दूसरी ओर घाटों पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त कर दी गई है. बिना आईकार्ड के वालंटियर व अन्य लोगों के प्रवेश को प्रतिबन्धित कर दिया गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन व जिला प्रशासन के सहयोग से 30 अक्टूबर को सायं होने वाले दीपोत्सव के लिए पूरी ताकत लगा दी है.

यलो जोन और रेड जोन के लिए कंट्रोल रूम
यातायात और पार्किंग की अलग व्यवस्था है. 500 वाहनों की पार्किंग क्षमता है. इसके साथ ही नदी की सुरक्षा में जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगी हुई है. भीड़ नियंत्रण के लिए अलग से पुलिस टीम की ड्यूटी लगाई गई है. हम कंट्रोल रूम के जरिए इनफ्लो और आउटफ्लो देख पा रहे हैं. यलो जोन और रेड जोन के लिए कंट्रोल रूम है.

ड्रोन की भी ली जाएगी मदद
वहीं, राम की पैड़ी पर भी कंट्रोल रूम तैयार किया गया है. सीसीटीवी के जरिए जो भी सूचना मिलेगी उससे रियल टाइम एक्शन लिया जाएगा. इसके साथ ही पुलिस की ओर से ड्रोन की मदद भी ली जाएगी. बाहरी जिलों की आवाजाही बंद नहीं है, लेकिन राम की पैड़ी पर सीमित संख्या में ही लोग आ सकते हैं, जिनके पास पास है उन्हें कोई रोक नहीं है. लेकिन, डायवर्जन होगा.

