राजधानी लखनऊ के एक थाने में पुलिस कस्टडी में मोहित पांडे की मौत का मामला गरमा गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां परिवार से मुलाकात की थी. वहीं, अब प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी मोहित पांडे के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ महानगर अध्यक्ष आनन्द भी मौजूद थे.
बृजेश पाठक ने पीड़ित के परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत भी की. उन्होंने कहा कि उच्च स्तर के अधिकारियों की भी लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. दोषियों की गिरफ़्तारी भी होगी और सस्पेंशन भी होगा. हर हाल में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा.
इससे पहले मोहित के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की थी. सीएम योगी ने परिवार से घटना के बारे में जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने इस मामले में दोषी पुलिसवालों पर कार्रवाई किए जाने का भरोसा भी दिया है. मुख्यमंत्री ने परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी है.
लखनऊ की बख्शी तालाब सीट से बीजेपी विधायक योगेश शुक्ला के साथ सुबह करीब 10 बजे मोहित पांडेय का परिवार मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पहुंचा था. यहां सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी. बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी. किसी भी दोषी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. सीएम योगी का कहना था कि ये पूरा मामला मेरे संज्ञान में है. जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

