ABC News: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. दावा किया जा रहा है कि हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस वारदात को अंजाम देने की साजिश के पीछे की वजह भी बताई है. यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, मुंबई पुलिस इसकी जांच कर रही है.

इस पोस्ट में सलमान खान और दाऊद गैंग का भी जिक्र किया गया है. इस पोस्ट को लेकर मुंबई पुलिस ने कहा कि हमने वायरल सोशल मीडिया पोस्ट देखी है और हम इसकी सत्यता की जांच कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट में लिखा है, “सलमान खान हम ये जंग नहीं चाहते थे, लेकिन तुमने हमारे भाई का नुकसान करवाया… आज जो बाबा सिद्दीकी के शराफत के पुल बांध रहे हैं यह एक टाइम में दाऊद के साथ मकोका एक्ट में था. इसके (बाबा सिद्दीकी) मरने का कारण अनुज थापन और दाऊद को बॉलीवुड, राजनीति, प्रॉपर्टी डीलिंग से जोड़ना था. हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है पर जो सलमान खान और दाऊद गैंग की हेल्प करेगा अपना हिसाब किताब लगा के रखना. हमारे किसी भी भाई को कोई भी मरवाएगा तो हम प्रतिक्रिया जरूर देंगे. हमने पहले वार नहीं किया.”

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर जिस हैंडल का इस्तेमाल कर हत्या की बात कबूल की गई है, उस हैंडल का इस्तेमाल कभी लॉरेंस गैंग ने पहले कभी नहीं किया है. लॉरेंस बिश्नोई का पैटर्न रहा है कि अनमोल बिश्नोई, गोलडी बरार या गैंग का कोई मजबूत सदस्य इस तरह पोस्ट डालकर जिम्मेदारी लेता है. इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि ये जांच को भटकाने की शरारत भी हो सकती है. हालांकि, एबीसी न्यूज इस तरह की किसी पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है. वहीं, मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं. आरोपियों को इस काम के लिए पहले से पैसे दिए गए थे. उन्हें कुछ दिन पहले ही हथियारों की डिलीवरी मिली थी. मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पिछले 8 घंटों से आरोपियों से पूछताछ की है

