ABC News: ग्वालटोली थानाक्षेत्र में में मकान मालिक और किराएदार का झगड़ा ऐसा बढ़ गया कि इसमें जमकर तोड़फोड़ और मारपीट हो गई. बताया जा रहा है कि मकान मालिक दरवाजा बंद करके मकान के चौथे फ्लोर में पहुंच गया. मोहल्ले के लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पथराव शुरू हो गया. पथराव की इस घटना में दरोगा और सिपाही समेत छह लोग घायल हुए हैं. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आरोपी को नीचे उतारा और उसे हिरासत में ले लिया.

बताया जा रहा है कि ग्वालटोली में रहने वाले मानू गुप्ता का उसके किराएदारों से मकान खाली कराने को लेकर विवाद चल रहा है. मानू का कहना है कि मकान खाली कराने को लेकर वह पुलिस अफसरों से कई बार शिकायत कर चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. इसके बाद आज सुबह मकान का ताला बंदकर मानु गुप्ता चौथे फ्लोर में चढ़ गया और छत से कूदने की धमकी देने लगा. आरोप है कि जब लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह पथराव करने लगा. ग्वालटोली थाने की पुलिस पहुंची तो भी आरोपी ने पथराव जारी रखा, इससे दरोगा गौरव सोनकर और सिपाही नींलाशु घायल हो गए. इसके अलावा चार अन्य लोग घायल हो गए.

पुलिस की सूचना पर जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तो फिर पुलिस उसके घर के अंदर दाखिल हुए और आरोपी को हिरासत में लिया. किराएदार ने आरोपियों पर घर का सामान तोड़ने का आरोप लगाया है, वही परिवार वालों ने आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कही है.

