हाथरस भगदड़ के 3 महीने बाद भोले बाबा उर्फ सूरजपाल को न्यायिक आयोग ने पूछताछ के लिए बुलाया है. बाबा भाजपा विधायक बाबूराम पासवान के साथ लखनऊ न्यायिक जांच आयोग ऑफिस पहुंचा.
बंद कमरे में हो रही पूछताछ
अब अफसर उससे बंद कमरे में पूछताछ कर रहे हैं. बाबा के वकील एपी सिंह भी साथ हैं. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा-न्यायिक जांच आयोग की तरफ से नोटिस दिया गया था. जांच में बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था. इसलिए हम सभी भोले बाबा के साथ आए हैं. हाथरस में 2 जुलाई को भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मची थी. इसमें 121 लोगों की मौत हुई थी. योगी सरकार ने हादसे की जांच के लिए न्यायिक अयोग का गठन किया था.

1 किमी. का इलाका सील
बाबा की पेशी को लेकर पुलिस ने 1 किमी. का इलाका सील कर दिया है. जनपथ मार्केट की सभी दुकानें बंद करा दी गई हैं. जगह-जगह पुलिस और RAF के जवान तैनात हैं. बड़ी संख्या में भोले बाबा के अनुयायी भी पहुंच गए हैं. पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग करके उनको रोका है.
सूरजपाल के वकील ए.पी. सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ”न्यायिक आयोग का कार्यालय यहां (लखनऊ) है और आज नारायण साकार हरि (सूरजपाल) को बयान देने के लिए यहां बुलाया गया था.”
हमारे साथ न्याय होगा
सिंह ने कहा, ”हमें उत्तर प्रदेश पुलिस, न्यायपालिका, राज्य सरकार और केंद्र पर पूरा भरोसा है. हमारे साथ न्याय होगा.” उन्होंने कहा, ”हमने वादा किया था कि जब भी कोई जांच पैनल या जांच एजेंसी नारायण साकार हरि को बुलाएगी, तो वह उपस्थित होंगे. उन्हें आज बुलाया गया था, इसलिए वह यहां आए हैं. उनसे जो भी पूछा जाएगा वह उस पर अपना बयान देंगे.”

भगदड़ कांड मामले में पुलिस ने बाबा सूरजपाल के कार्यक्रम के आयोजन में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. आरोपियों में से एक मंजू यादव फिलहाल इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश से जमानत पर बाहर है।इस मामले में पंजीकृत प्राथमिकी में सूरजपाल का नाम आरोपी के रूप में दर्ज नहीं है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना), 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा) और 238 (साक्ष्य मिटाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी.
दो जुलाई की घटना में मरे थे 121
हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के फुलराई गांव में इसी साल दो जुलाई को सूरजपाल उर्फ भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि के सत्संग के बाद मची भगदड़ में कुल 121 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं थीं। पुलिस समेत सरकारी एजेंसियों ने आयोजकों पर कार्यक्रम में कुप्रबंधन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने 80 हजार लोगों के शामिल होने की बात कहकर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति ली थी मगर वहां ढाई लाख लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी. हालांकि, भोले बाबा के वकील ने दावा किया है कि ‘कुछ अज्ञात लोगों’ द्वारा छिड़के गए ‘किसी जहरीले पदार्थ’ के कारण भगदड़ मची.

