आगरा-हाथरस मार्ग पर 6 सितंबर की शाम करीब छह बजे शाम जनरथ बस और टाटा एस वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. अन्य का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है.

हादसा आगरा-हाथरस मार्ग पर थाना चंदपा क्षेत्र में नगला भुस बाईपास कपूरा चौराहे के पास हुआ. हादसे की वजह टाटा एस वाहन के गलत तरीके से ओवरटेक करना बताया जा रहा है. मरने वालों में 14 आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले थे, जबकि एक फिरोजाबाद जनपद का निवासी था.
गांव मुकुंदखेड़ा निवासी राजुद्दीन की मां अंगूरी का निधन हो गया था. 6 सितंबर को उनका चालीसवां था। इसमें शामिल होने के लिए राजुद्दीन की ससुराल गांव सेमरा से करीब 35 लोग टाटा एस (छोटा हाथी) में सवार होकर आए थे. 6 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे ये लोग आगरा के लिए रवाना हुए। जब ये कोतवाली चंदपा क्षेत्र के कपूरा चौराहे के निकट पहुंचे तो टाटा एस सामने से आ रही जनरथ बस से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा एस के परखच्चे उड़ गए. इसमें सवार लोग उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर गिर गए. हादसे के बाद जमा हुए लोगों ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने 15 को मृत घोषित कर दिया.

बताया जा रहा है कि मैक्स में लगभग 30 लोग थे और सभी मुकुंद खेड़ा तेरहवीं भोज खाकर खंदौली के पास गांव सेवला वापस लौट रहे थे. यह दर्दनाक घटना घटना आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर मीतई गांव के पास हुई. मरने वालों में बच्चे और महिला-पुरुष शामिल हैं. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग सासनी से खंदौली जा रहे थे. ड्राइवर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. घायलों में से 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
मौके पर डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल पहुंचे हैं. अधिकारियों ने हादसे के बारे में जानकारी ली। साथ ही गंभीर घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है. पुलिस-प्रशासन राहत बचाव में जुटा है.
पीएम मोदी ने लिया घटना का संज्ञान
घटना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संज्ञान लिया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने एक पोस्ट कर हादसे को लेकर दुख जताया. उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का भी ऐलान किया है.

