ABC News: हरबंश मोहाल में मेट्रो टनल के उपर बने जिस मकान की दीवार एक दिन पहले दरकी थी, वह देर रात भरभराकर ढह गया. मकान के ढहने के बाद इलाके में मेट्रो के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि यहां पर कुछ और मकानों में भी दरार आ गई है.

आरोप है कि मेट्रो की टनल बनाने मेें मकानों की नींव कमजोर हो गई है. यही नहीं, इलाकाई लोग इस बात से भी आक्रोशित हैं कि बिना मिट्टी की जांच रिपोर्ट आए मेट्रो अधिकारियो की तरफ से बयान दिया गया कि यहां पर पहले एक कुआं हुआ करता था. इस बीच, जो मकान भरभरा कर गिरा, उसके बगल के मकान को भी खतरा बताया जा रहा है. इस बीच, पार्षद कौशिक बाजपेयी ने आरोप लगाया है कि मेट्रो की तरफ से एक लिस्ट दी गई है, जिसमें यहां पर कई मकानों को जर्जर बताया है.

पार्षद ने इसे मेट्रो अधिकारियों की लापरवाही बताते हुए कहा कि वह लोग मामले से अपना पीछा छुड़ाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि अगर मकान जर्जर थे, तो एक साल पहले जब मेट्रो ने सर्वे किया था, उसे दिखाया जाए. उस समय इस तरह की कोई बात नहीं कही गई. पार्षद ने कहा कि मेट्रो के कार्य की वजह से यहां के मकान जर्जर हो गए हैं.ऐसे में जब तक इस मामले का ठोस हल नहीं निकलता है तब तक वह लोग मेट्रो अधिकारियों के साथ कोई बात नहीं करेंगे.

यहां पर आए नगर निगम के जोनल अधिकारी विद्या सागर यादव के साथ भी पार्षद की बहस हुई. उन्होंने मकानों को जर्जर बताए जाने पर जोनल अधिकारी के सामने रोष जताया. उन्होंने कहा कि अगर यहां पर कुआं था, तो मेट्रो के सर्वे में पहले क्यों नहीं आया. कुएं को लेकर जांच की बात भी उन्होंने कही.

