ABC News: स्वतंत्रता दिवस पर कानपुर पूरे उत्साह और उल्लास में दिखा. देशभक्ति के तरानों के बीच जगह-जगह झंडारोहण का आयोजन किया गया. इस दौरान हर तरफ सिर्फ राष्ट्रभक्ति का भाव ही नजर आया. स्वतंत्रता दिवस पर कानपुर के ऐतिहासिक नानाराव पार्क में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यहां पर कैबिनेट मंत्री और शहर के प्रभारी मंत्री के रूप में मौजूद नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने ध्वजारोहण किया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ ही शहीदों को भी श्रद्धांजलित अर्पित की.

स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पुलवामा अटैक और अन्य आपरेशंस में शहीद हुए जवानों की पत्नियों को सम्मानित किया. यहां पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया. उन्होेंने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास के लिए काम कर रही है. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के पीएम मोदी व प्रदेश के सीएम योगी लगातार देश और प्रदेश के विकास कार्यों को कर रहे हैं. इसी तरह आम जनमानस को भी स्वतंत्रता दिवस पर देश के प्रति समर्पित होने का संकल्प लेना चाहिए. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरूण, डीएम राकेश कुमार सिंह, सीडीओ दीक्षा जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

नगर निगम में महापौर ने किया झंडारोहण
स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय ने झंडारोहण किया. नगर आयुक्त सुधीर कुमार समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में महापौर ने झंडारोहण किया. इस दौरान नगर निगम सदन के अंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ. यहां पर नगर निगम के स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़े गीतों को सुनाने के अलावा कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए. महापौर और नगर आयुक्त ने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को यहां पर सम्मानित भी किया. इसके पहले महापौर और नगर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अशोक नगर चौराहा स्थित अमर जवान ज्योति पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की. इसके अलावा कारगिल पार्क में भी कारगिल शहीदों को समर्पित शहीद स्तंभ पर कैंडल और फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया गया.

पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस का उत्साह पुलिस लाइन में भी देखने को मिला. यहां पर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराया. इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई. इस दौरान, सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया. पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद पुलिस कर्मियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया. पुलिस कमिश्नर ने अपने संबोधन में पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने की बात कही. यहां पर उत्कृष्ट सेवा पदक संयुक्त पुलिस आयुक्त को दिया गया. इसके साथ ही बेहतरीन सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को अलग-अलग मेडल एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए. पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के समारोह के दौरान सभी सर्कल के एसीपी, एडीसीपी, डीसीपी एवं पुलिस लाइन के कर्मी मौजूद रहे.

डीएम राकेश कुमार सिंह ने किया झंडारोहण
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण किया. इस मौके पर सभी प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. समाज सेवा के क्षेत्र में शहर के कई उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का यहां पर सम्मान हुआ. जिलाधिकारी ने कहा कि जिस तरह केंद्र की सरकार निरंतर देश को विकास के पथ पर ले जाना चाहती है. ऐसे में देश के युवाओं और आमजन की भी भागीदारी अति आवश्यक है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जरूरी है कि हम अपने देश के बलिदानियों से प्रेरणा लेकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां को जानें.

