ABC News: साढ़ थानाक्षेत्र के दौलतपुर गांव में गैस एजेंसी के गोदाम में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने गैस एजेंसी के गोदाम से 40 सिलेंडर लूटने के साथ तीन गाड़ियों की बैटरी भी लूट ली. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घटना के सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है.

गैस एजेंसी गोदाम के मालिक प्रमोद तिवारी ने बताया कि उन्हें देर रात दो बजे सूचना मिली कि गोदाम में डकैती पड़ी है. उन्होंने बताया कि करीब छह बदमाश गोदाम के पीछे की दीवार बांधकर अंदर आए और यहां पर मौजूद चौकीदार को बंधक बना लिया. चौकीदार को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने यहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और इसके बाद खाली और भरे 40 सिलेंडर, रेग्युलेटर और तीन गाड़ियों की बैटरी लूट ली. गोदाम मालिक का कहना है कि बदमाशों ने करीब दो लाख का माल लूटा है.

घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी, जिसके बाद फोर्स पहुंच गया और घटना की छानबीन की.पुलिस ने रमईपुर जहानाबाद मार्ग स्थित दुकानों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की है. चौकीदार महादेव का कहना है कि एक लोडर से छह बदमाश आए थे, जिन्होंने पहले उनका गला दबाया और फिर बंधक बना लिया. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरातफरी का माहौल देखा गया.

