ABC News: नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने शुक्रवार को नगर निगम कैंपस का निरीक्षण किया. इस दौरान एक एक विभाग में जाकर उन्होंने न केवल हाजिरी रजिस्टर देखा बल्कि कर्मचारियों को भी ताकीद किया कि अगर विभाग में किसी तरह का बाहरी व्यक्ति अनाधिकृत रूप से देखा गया तो कर्मचारियोें की जिम्मेदारी तय कर एकशन लिया जाएगा.

इस दौरान उन्होंने बायोमीट्रिक हाजिरी के बारे में भी जांच पड़ताल की. विभागों में फैली गंदगी को लेकर भी नगर आयुक्त ने साफ सफाई बरतने के निर्देश दिए. नगर निगम में कई जगह दीवारों पर गंदगी और पान मसाले की पीक देखकर नगर आयुक्त ने केयर टेकर से नाराजगी जताई और हर समय साफ सफाई रखने के निर्देश दिए. नगर आयुक्त ने इस दौरान नगर निगम आयी जनता से पूछताछ भी की. उन्होंने कहा कि जनता को जो भी काम है, उसके लिए नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों के पास आए. किसी बिचौलिये से संपर्क करने की जरूरत नहीं है, अगर कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं तो उनसे शिकायत की जा सकती है.

