ABC News: भविष्य का कानपुर कैसा हो, इसको लेकर अब अफसरों के कमरों में योजना तैयार नहीं होगी बल्कि आम लोग भी अपना सुझाव दे सकेंगे. साल 2047 तक कानपुर कैसा हो, इसको लेकर केडीए अब आम लोगों से भी सुझाव मांगेगा. सांसद रमेश अवस्थी की पहल के बाद केडीए अगले 15 दिनों तक कानपुर की जनता से भविष्य के कानपुर को लेकर सुझाव लेगा.

सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि इसको लेकर आखिरी तारीख पांच अगस्त की तय की गई है. इसके लिए केडीए और नगर निगम में सुझाव पेटिका भी लगायी जाएगी. यही नहीं, केडीए की वेबसाइट और ईमेल पर भी लोग अपना सुझाव दे सकेंगे. सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस में सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि इस प्लान में साल 2051 तक के कानपुर में निवेश क्षेत्र का चिंहाकन, रिंग रोड का विस्तार, बस अड्डे, मेट्रो का विस्तार, पयर्टन की दृष्टि से बिठूर का विकास भी शामिल है. इसके अलावा इस प्लान में कानपुर का ड्रेनेज प्लान सुधारने पर काफी जोर दिया गया है. सिटी डेवलपमेंट प्लान को तीन चरणों के तहत बनाया गया है. सांसद ने बताया कि इसके अलावा ग्रीनपार्क की दर्शक क्षमता बढ़ाने के लिए भी उनकी सीएम योगी से बात हुई है.

