IIT कानपुर में दहशत का पर्याय बना तेंदुआ कैमरे की नजर में आ गया है. वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक एवं निदेशक चिड़ियाघर केके सिंह और प्रभागीय निदेशक दिव्या गुरुवार को आईआईटी में तेंदुए की टोह लेते रहे. फिलहाल, तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजड़े लगा दिए गए हैं. वहीं कई आईआईटी छात्रों ने तेंदुए को परिसर में देखा है. कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर चल रही हैं जिनमें तेंदुआ बैठा दिख रहा है. कहा गया है कि ये वीडियो परिसर की हैं और तेंदुआ हॉल नंबर 10 और हॉल नंबर 11 के पीछे देखा गया है.
सेही का शिकार करते हुए देखा गया
मुख्य वन जीव अभिरक्षक संजय श्रीवास्तव ने वन विभाग के सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अभी हमारी टीम ने दो पिंजरे जंगल की तरफ लगाए हैं. इसके अलावा मुख्य वन संरक्षक केके सिंह, प्रभारी वन अधिकारी दिव्या ने आईआईटी परिसर का निरीक्षण भी किया है. निरीक्षण के दौरान तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं. वन विभाग के कैमरे में कैद हुआ तेंदुआलगातार जंगलों में तेंदुए की हलचल को देखते हुए वन विभाग की टीम ने कैमरा ट्रैप लगाया है. गुरुवार की रात जंगलों में लगे कैमरे में तेंदुआ एक सेही का शिकार करते हुए देखा गया है. इसके बाद से आईआईटी प्रशासन और वन विभाग की टीम और ज्यादा सतर्क हो गई है और लगातार तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगलों में घूम रही है.

दरअसल, आईआईटी कानपुर के सुरक्षाकर्मियों ने परिसर में तेंदुआ को देखा था. गुरुवार भोर में तीन से छह बजे के बीच तेंदुआ कैमरे में देखा गया. अधिकारी पहुंचे. करीब पांच घंटे तक प्रभागीय निदेशक दिव्या टीम के साथ डटी रहीं. पड़ताल में तेंदुए का मल मिला, जिसमें बाल पाए गए. माना जा रहा है कि तेंदुए ने खरगोश या किसी छोटे जानवर का शिकार किया होगा, जिसके बाल मल में होंगे.
तेंदुआ देखे जाने के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. छात्रों का कहना है कि तेंदुआ परिसर में ही घूम रहा है जिससे दहशत बनी हुई है. वहीं मुख्य वन संरक्षक एवं निदेशक चिड़ियाघर, केके सिंह ने कहा कि प्रभागीय निदेशक टीम के साथ आईआईटी में पूरे दिन डटी रहीं. पिंजड़े में शिकार नहीं बांधा है. आईआईटी में रहने वालों की सुरक्षा को एडवाइजरी जारी कर दी गई है.
जल्द तेंदुआ पकड़ने की है उम्मीद
प्रभागीय वन अधिकारी दिव्या ने बताया कि जंगलों में लगातार तेंदुआ टहलता दिख रहा है. वह रात के अंधेरे में गतिविधि करता है. इसलिए दो पिंजरे लगाए गए हैं, जिनको घास फूस से ढक दिया गया है. उम्मीद है कि जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा. वहीं, आईआईटी प्रशासन से भी अपील की गई है कि कोई भी रात के अंधेरे में अकेले हॉस्टल या घर से बाहर न निकले. इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि कोई भी जमीन पर उकड़ू बनकर ना बैठे क्योंकि तेंदुआ ऐसे लोगों को जानवर समझ कर उन पर अटैक कर देता है. दिन में भी अगर निकले तो ग्रुप के साथ निकले. अकेले अभी निकलने से परहेज करें.
तेंदुआ पांच दिनों में दो बार दिखा है. वन विभाग और आईआईटी प्रशासन ने तेंदुए की निगरानी के लिए कैमरा भी लगाया है. सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग पिंजड़ा लगा चुकी है और पिंजड़े की ओर तेंदुआ आए इसके लिए शिकार (किसी जानवर) को भी बांधा जाएगा. डीएफओ दिव्या ने बताया कि वह तेंदुए की गतिविधि पर नजर लगाए हुए हैं. हर एक पल कर्मचारी कैमरे पर नजर गड़ाए हैं.

