यूपी के गोंडा में गुरुवार दोपहर बड़ा रेल हादसा हो गया. यहां गोरखपुर होते हुए चंडीगढ़ से असम जा रही चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई लोगों के घायल होने की जानकारी है. घटना गोरखपुर रेल खंड के मोतीगंज बॉर्डर की है. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के तमाम उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है.
रेलवे अधिकारियों के अलावा पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची है. मेडिकल टीम को भी बुलाया गया है और डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं. हादसे के बाद रूट पर आने वाली ट्रेनें बाधित हो गई है. जो ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई है, उसका नंबर 15904 है.

एक यात्री ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ. चंडीगढ़ से ट्रेन चली थी और गोंडा से करीब 20 किलोमीटर आगे ये हादसा हुआ. दो बोगियां पूरी तरह पटरी से उतर गईं. वहीं पटरियां भी उखड़ गई. लोग बड़ी मुश्किल से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन से बाहर निकले.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रेल हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए दिए गए हैं. इसके अलावा रेलवे ने हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं.
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर:
लखनऊ जंक्शन: 8957409292
गोंडा: 8957400965

राहत और बचाव कार्य शुरू
जानकारी के अनुसार, हादसा झिलाही रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर पिकौरा के पास हुआ. यह भी बताया जा रहा है कि ट्रेन के 4 AC कोच हादसे का शिकार हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

मौके पर पहुंचे रेलवे प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने एक्शन शुरू किया. घायलों को अस्पताल पहुंचाने और रेल यातायात को बहाल करने का काम जारी है. उधर डीरेल हुए डिब्बों को पटरी से हटाने का काम तेज़ी से जारी है. हादसे के कारण, गोरखपुर रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है.

