पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हमें सबका साथ और सबका विकास की बात करने की जरूरत नहीं है. हम तय करेंगे कि जो हमारा साथ देगा, हम उसका साथ देंगे. उन्होंने एक कार्यक्रम में जय श्री राम का नारा लगाते हुए कहा कि हम जीतेंगे और हिंदुओं को बचाएंगे. हम तय करेंगे कि जो हमारा साथ देगा, हम उनका साथ देंगे. जो हमारे साथ, वह हमारे साथ है. सबका साथ, सबका विकास बंद करो. अल्पसंख्यक मोर्चा की कोई जरूरत नहीं है. इसे बंद करो. हम संविधान को बचाएंगे.
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का यह बयान अहम है क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी खुद सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा दे चुके हैं. ऐसे में उनका इस नारे से हटने की बात करना मायने रखता है. शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण से साफ किया कि भाजपा अब बंगाल में हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण में जुटेगी. संदेशखाली जैसी घटनाओं से भी उसने यह कोशिश की थी, लेकिन अब इस एजेंडे पर वह आक्रामक हो सकती है. बंगाल भाजपा का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मुस्लिम वोटरों ने एकजुट होकर टीएमसी को वोट दिया. इसका उसे फायदा मिला है. वहीं हिंदू वोटों में विभाजन दिखा. ऐसे में अब हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिश की जाएगी.

