ABC News: कानपुर के बिधनू में प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बिधनू की खड़ेसर चौकी के गांव में शम्शान घाट के पास युवक का शव जहां शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला, वहीं महिला का शव 50 मीटर दूर जमीन पर पड़ा मिला. महिला के शव को कुत्तों का झुंड नोच रहा था, जिसके बाद ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई. महिला के चेहरे को भी कूचा गया है, जिससे उसकी पहले तो पहचान नहीं हो पायी. बाद में उसके घर वालों ने महिला की शिनाख्त की. घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट, एडीसीपी वेस्ट समेत एसीपी और बिधनू थाने का फोर्स, फोरेंसिक टीम आदि मौके पर पहुंच गईं.

बिधनू के कड़री धराहरा चंपतपुर के जंगल में मिले शव उसी गांव के सोनू यादव और सीमा के बताए जा रहे हैं. पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराने लग रहे हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के बीच करीब 13 साल से प्रेम प्रसंग था. आठ साल पहले महिला की शादी अकबरपुर के एक गांव में हुई थी. सीमा कुछ दिन पहले ही मायके आई हुई थी. इसके बाद वह अपने घर से गायब हो गई थी. परिजनों ने एक दिन पहले उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करायी थी. उधर, मामले की जानकारी मिलने ही सोनू के भाई नाहर सिंह समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए. यहां पर पुलिस पूछताछ में दोनों के परिजनों ने सोनू और सीमा के बीच प्रेम संबंध की बात स्वीकारी.

पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सीमा पति को छोड़कर मायके में ही अपने बच्चों के साथ रहती थी. यहीं पर उसकी नजदीकी सोनू के साथ बढ़ गई. दोनों के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं. डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार का कहना है कि मौत की सही वजह से पोस्टमॉर्टम से पता लगेगी. घटना के सारे तथ्यों को जुटाकर जांच की जा रही है.

