विकासशील इंसान पार्टी (VIP) पार्टी के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है. कहा जा रहा है कि तेजधार हथियार से घर पर ही उनकी निर्मम हत्या की गई है. उनका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है.
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जीतन सहनी का शव क्षत-विक्षत हालत में घर से बरामद किया गया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है. जीतन सहनी का घर दरभंगा के सुपौल बाजार के अफजला पंचायत में है.
रिपोर्ट के मुताबिक, धारदार हथियार से घर पर ही जीतन सहनी की निर्मम हत्या की गई है. इससे इलाके में हड़कंप मच गया है. पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मुकेश सहनी इस समय मुंबई में हैं. पिता की हत्या की खबर मिलने के बाद वह मुंबई से पटना के लिए रवाना हो रहे हैं.
कौन हैं मुकेश सहनी?

बिहार में मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख हैं. उनकी पार्टी चुनाव से पहले ही इंडिया ब्लॉक में शामिल हो गई थी. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह डील मूल रूप से मुकेश सहनी और RJD के बीच हुई थी.
मुकेश सहनी की एक पहचान ‘सन ऑफ मल्लाह’ की है. सहनी मूलतः (मल्लाह/निषाद) की राजनीति करते हैं. अगर वोट की बात करें तो बिहार में मल्लाहों की आबादी लगभग सात फीसदी है. वहीं, सहनी इस समुदाय की संख्या करीब 14 प्रतिशत बताते हैं.
मुकेश सहनी का चुनावों से पहले तेजस्वी यादव के साथ एक वीडियो खूब वायरल हुआ था. इस वीडियो में दोनों हेलीकॉप्टर में मछली खा रहे थे. वीडियो को नवरात्र में शेयर करने की वजह से जमकर बवाल हुआ था.
गांव में अकेले रहते थे मुकेश सहनी के पिता
मुकेश साहनी के पिता जीतन सहनी दरभंगा के सुपौल बाजार के अफजला पंचायत के बिरौल में रहते थे. जीतन सहनी गांव में अकेले रहते थे. इनके दो बेटे मुकेश सहनी और संतोष सहनी हैं. इसके अलावा उनकी एक बेटी है, जो मुंबई में रहती है. जीतन सहनी का शव कमरे में मिला है और इस दौरान घर का सारा सामान बिखरा पाया गया है.
FSL टीम और एडीजी रैंक के अधिकारी को दरभंगा रवाना
मुकेश सहनी के पिता की हत्या मामले में मुजफ्फरपुर से एफएसएल की टीम रवाना हो गई है. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय से एडीजी रैंक के अधिकारी को दरभंगा भेजा जा रहा है. घटनास्थल पर डीएसपी टाउन और एसडीएम पहुंचे हैं. मुकेश सहनी भी मुंबई से निकल गए हैं. विकासशील इंसान पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में अलग-अलग जिलों से दरभंगा के लिए निकले हैं.
मुंबई में थे मुकेश सहनी, अब लौट रहे दरभंगा
मिली जानकारी के मुताबिक मुकेश सहनी फिलहाल मुंबई में थे. खबर मिलते ही वह दरभंगा लौट रहे हैं. एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने जीतन सहनी के कत्ल की पुष्टि की है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. आशंका है कि जीतन सहनी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन हो सकता है और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है. ‘सन ऑफ मल्लाह’ कहे जाने वाले मुकेश सहनी की पार्टी लोकसभा चुनाव में तीन सीटों पर मुकाबले में उतरी थी. हालांकि किसी भी सीट पर उसे जीत नहीं मिली थी. तेजस्वी यादव के साथ नवरात्रि के मौके पर मछली खाने वाला वीडियो बनाने पर मुकेश सहनी घिर गए थे.

