कानपुर के भीतरगांव इलाके के सीमावर्ती रसूलपुर जाजमऊ गांव में रविवार सुबह साढ़े छह बजे पति को फांसी पर लटकता देख नवविवाहिता ने भी सब्जी काटने वाली चाकू से गर्दन रेत ली. उसका गंभीर हालत में इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल में जुट गई. सुबह परिजनों ने दोनों को पड़ा देखा तो पुलिस को घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस ने पत्नी को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल पहुंचाया.

सूचना मिलते ही एसीपी घाटमपुर रंजीत सिंह, साढ़ एसएचओ कुशल पाल सिंह और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. दोनों का विवाह तीन माह पहले ही हुआ था. पड़ोसियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी. पुलिस के प्रारंभिक जांच में भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद ही यह घटना होने की संभावना जताई जा रही है.
साढ़ थाना के रसूलपुर जाजमऊ निवासी इंद्रपाल यादव के तीन बेटों में दूसरे नंर का बेटा जितेंद्र उर्फ छोटू (25) गांव में आटा चक्की तेल पिराई कारखाना चलाता है. वहीं, अन्य दोनों बेटे बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं. इसी गांव निवासी तिलक सिंह यादव रविवार सुबह लाही पिराने के लिए कारखाना पहुंचे, तो मौके पर कोई नहीं मिला, जबकि कारखाना खुला पड़ा था.
मृतक जितेंद्र के पड़ोसियों ने बताया कि शादी होने के बाद से जितेंद्र परेशान रहा करता था. छोटी छोटी बातों में पति पत्नी के बीच कहासुनी के बाद विवाद होता था। देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी जिसके बाद दोनों सो गए थे, सुबह यह घटना हो गई. घटना के बाद से कोई भी खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं है.
साढ़ थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया- घटना की सूचना मिली थी, युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं महिला को गंभीर हालत हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया.

