उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. उसे कई अहम सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है. इसमें सबसे करारी हार उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर मानी जा रही है. बद्रीनाथ चार धाम में आता है और विभिन्न पौराणिक स्थलों पर विकास कार्य के बावजूद मिल रही हार, भाजपा के लिए चिंता विषय बनती जा रही है. गौरतलब है कि हालिया लोकसभा चुनाव में भाजपा को अयोध्या में हार का सामना करना पड़ा था. भगवान राम की जन्मस्थली पर भाजपा की हार के बारे में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. सिर्फ इतना ही नहीं, अयोध्या से सटे बस्ती के साथ राम वन गमन पथ पर आने वाले प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक और रामेश्वरम की सीटें भी उसे गंवानी पड़ी थीं. अब कुछ ऐसा ही हाल बद्रीनाथ में हुआ है. इसके बाद सवाल उठ रहा है कि क्या भाजपा सरकार धार्मिक स्थलों का विकास करने के बावजूद स्थानीय वोटरों को लुभाने में विफल हो रही है?
उपचुनाव में INDIA ब्लॉक ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है, जबकि बीजेपी को नुकसान हुआ है. 13 में से 10 सीटें इंडिया ब्लॉक के खाते में आई हैं, जबकि 2 सीटें बीजेपी तो एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है. उपचुनाव में कांग्रेस ने पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल में कमाल किया है, वहीं ममता की पार्टी ने बंगाल में क्लीन स्वीप किया है. जबकि बीजेपी ने मध्यप्रदेश और हिमाचल में एक-एक सीट जीती है. उधर, पंजाब की एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में आई है.

7 राज्यों की किन सीटों पर हुआ था उपचुनाव मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर, बिहार की रुपौली सीट पर, पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर, पश्चिम बंगाल की रानाघाट दक्षिण, रायगंज, बागदा, मानिकतला विधानसभा सीट पर, हिमाचल की हमीरपुर, देहरा और नलगढ़ सीट पर, उत्तराखंड की बद्रीनाथ, मंगलौर और तमिलनाडु की विक्रवंडी विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी. उपचुनाव में कांग्रेस ने 4, TMC ने 4, BJP ने 2 और AAP, DMK और निर्दलीय ने 1-1 सीट जीती है.
उत्तराखंड में कांग्रेस ने किया क्लीनस्वीप देवभूमि उत्तराखंड में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप कर दिया है. यहां 2 सीटों पर उपचुनाव हुए थे, दोनों सीट कांग्रेस ने जीत ली हैं. मंगलौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने बीजेपी उम्मीदवार करतार सिंह भडाना को मात दी है. जबकी बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने बीजेपी उम्मीदवार राजेंद्र सिंह भंडारी को 5095 वोटों से हरा दिया है, अभी कुछ ही दिन पहले लोकसभा चुनाव हुए थे, तब कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था और अब उपचुनाव में बीजेपी का खाता नहीं खुला.
एमपी की एक सीट बीजेपी के खाते में आई
मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे. इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस का सीधा मुकाबला था. अमरवाड़ा से बीजेपी के कमलेश शाह ने कांग्रेस के धीरेन सिंह को 3 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है.
बिहार की सीट निर्दलीय कैंडिडेट ने जीती
बिहार की रुपौल विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है, इस सीट से निर्दलीय कैंडिडेट शंकर सिंह ने जीत का परचम लहराया है. उन्होंने जेडीयू के कलाधर मंडल को 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है. जबकि आरजेडी की बीमा भारती तीसरे नंबर पर रही हैं.
पंजाब की एक सीट AAP ने जीती
पंजाब की जालंधर वेस्ट सीट पर उपचुनाव हुआ था. इस सीट से आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने बाजी मार ली है, उन्होंने बीजेपी कैंडिडेट शीतल अंगुरल को 37 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है.
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ DMK ने फहराया जीत का परचम
तमिलनाडु की विक्रवंडी विधानसभा सीट पर सत्ताधारी डीएमके ने जीत हासिल की है. डीएमके के अन्नियुर शिवा @शिवाशनमुगम. ए ने पट्टाली मक्कल काची पार्टी के अन्बुमणि. सी को 67 हजार से अधिक वोटों से हराया है.

