लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र विधानसभा में शुक्रवार को MLC चुनाव को लेकर वोटिंग हुई. शाम चार बजे तक हुई शत प्रतिशत वोटिंग के रिजल्ट अब सामने आ रहे हैं. प्राथमिक तौर पर जो सामने आया है, उसके अनुसार NDA के सभी उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है.
किसके कितने उम्मीदवार जीते?
दूसरी बड़ी बात यह है कि कांग्रेस के 7-8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. इसके साथ ही कांग्रेस के वोट बंट गए हैं. वहीं, शरद पवार खेमा अजित पवार खेमे का कोई वोट नहीं बांट सका है. इसके अलावा न तो यूबीटी सेना शिंदे सेना के वोटों को विभाजित कर सकी है. बता दें कि, महायुति के 9 उम्मीदवार मैदान में थे, जिन्हें जीत मिली है. 3 उम्मीदवार महाविकास अघाड़ी से खड़े थे, जिनमें से दो की जीत हुई है.
कौन-कौन जीता, यहां देखें लिस्ट
बीजेपी
अमित गोरखे – 26 वोट से जीते
पंकजा मुंडे – 26 वोट से जीते
परिणय फुके – 26 वोट से जीते
योगेश टिलेकर – 26 वोट से जीते
सदाभाऊ खोत- जीते
एनसीपी: (अजित पवार)
राजेश विटेकर – 23 वोट से जीते
शिवाजीराव गरजे- 24 वोट से जीते
शिवसेना शिंदे:
भावना गवली – 24 वोट से जीतीं
कृपाल तुमाने – 24 वोट से जीते
शिवसेना उद्धव गुट
मिलिंद नार्वेकरः जीते
कांग्रेस
प्रज्ञा सातव- 25 वोट से जीतीं
NDA गठबंधन और INDIA ब्लॉक के बीच शुक्रवार को एक और बड़ी सियासी जंग हुई, सूबे में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव हुए. इस चुनाव की खास बात यह है कि यहां 11 सीटों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में थे. सुबह से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला. पक्ष-विपक्ष मिलाकर शत प्रतिशत वोटिंग हुई है.
शिवसेना के संजय गायकवाड़ ने गुप्त मतदान प्रणाली के जरिए सबसे पहले वोटिंग की थी. इस बीच कांग्रेस ने रिटर्निंग ऑफिसर से मांग की थी कि वह बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ को वोट ना डालने दें. कांग्रेस का कहना था कि गायकवाड़ शिवसेना नेता पर गोली चलाने के आरोपी हैं. इसलिए उन्हें मतदान में शामिल नहीं होने देना चाहिए.
एमएलसी चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस के 37 में से 3 विधायक पार्टी की मीटिंग में शामिल नहीं हुए थे. इनमें से एक जितेश अंतापुरकर कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने वाले पूर्व सीएम अशोक चव्हाण के खास हैं. दूसरे विधायक का नाम जीशान सिद्धीकी है, जो हाल ही में अजित गुट में शामिल होने वाले बाबा सिद्धीकी के बेटे हैं.
तीसरे विधायक का नाम संजय जगताप हैं. हालांकि, वह ‘वारि’ (वार्षिक तीर्थयात्रा जुलूस) में शामिल होने गए हैं. वह जुलूस के साथ पंढरपुर जा रहे हैं. कांग्रेस का कहना है कि जगताप ने इस बारे में सूचना दे दी है. हालांकि, सुलभा खोडके, जिनके पति अजित पवार के करीबी सहयोगी हैं, और हीरामन खोसकर, जो एनसीपी के संपर्क में बताए जा रहे थे. दोनों बैठक में शामिल हुए हैं.

