UP के लखीमपुर खीरी में बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है. बीते दिन यहां बाढ़ के पानी में एक बुजुर्ग फंस गया. पानी में बहने से बचने के लिए वह एक पेड़ को करीब 4 घंटे तक पकड़े हुए था. सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने किसी तरह बुजुर्ग की जान बचाई. पानी से बाहर आने के बाद बुजुर्ग ने एनडीआरएफ का शुक्रिया अदा किया.
दरअसल, बनबसा बैराज से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी से शारदा नदी में आई बाढ़ के चलते संपूर्णानगर थाना क्षेत्र में मिल कालोनी के रहने वाले परशुराम बाढ़ के पानी में फंस गए थे. बचने के लिए परशुराम वहां लगे एक पेड़ को पकड़े रहे. करीब 4 घंटे बाद जब इलाके के लेखपाल की नजर पेड़ को पकड़े परशुराम पर गई तो जिला प्रशासन को जानकारी दी गई.
बाढ़ के पानी में पेड़ का सहारा लेकर फंसे शख्स की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने एनडीआरएफ की टीम को मौके पर रवाना कर दिया. एनडीआरएफ की टीम ने रात करीब 2:00 बजे बाढ़ में फंसे परशुराम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वीडियो में दिखाया गया कि कैसे जलधार में एक शख्स फंसा हुआ है. वह पेड़ को पकड़े हुए है, ताकि बहाव में दूर न चला जाए.
मामले में लखीमपुर खीरी जिले के एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेड़ को पकड़े हुए है और पानी के बहाव में फंसा है. एनडीआरएफ, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे रेस्क्यू किया गया. सबसे अच्छी बात यह थी कि वो व्यक्ति पेड़ को पकड़े हुआ था उसने धैर्य बनाए रखा. फिलहाल, बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम पूरी तरीके से सजग है. हम सारी कॉल्स को गंभीरता से अटेंड कर रहे हैं.

