कानपुर देहात के झींझक में शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस आ रहे गहिलापुर निवासी चाचा भतीजे, झींझक के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. देर रात हुए हादसे की जानकारी पर वहां पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी झींझक सीएचसी से ले गए. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय दुर्घटना में बुरी तरह घायल चाचा की मौत हो गई. शव पास गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया.
मंगलपुर थाना क्षेत्र के गहिलापुर निवासी पचास वर्षीय रवींद्र सिंह अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए भतीजे अट्ठाइस साल के प्रदीप के साथ छिबरामऊ गए थे. देर रात दोनों लोग बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे. झींझक कस्बे के पास देर रात एक कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को जानकारी देने के बाद दोनों को सीएचसी झींझक भेजा. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन उनको जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रविंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया. इस पर प्रदीप को एक निजी निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद परिजन शव को वापस गांव लाए तो कोहराम मच गया.
पति की मौत से उनकी पत्नी ममता देवी बदहवास हो गईं जबकि पुत्र अंश व पुत्रियों प्रिया, रचना व दिव्या का रो-रोकर पर बुरा हाल हो गया. दुर्घटना में घायल की मौत की सूचना पर मंगलपुर थाने से एसआई अंकित मौके पर पहुंचे तथा शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की.

