ABC News: ग्रीनपार्क को लेकर संजीदा हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि यूपीसीए और खेल मंत्रालय में समन्वय स्थापित कराकर यहां पर ज्यादा से ज्यादा मैच कराए जाएंगे. बुधवार को जब सांसद रमेश अवस्थी ग्रीनपार्क का निरीक्षण करने पहुंचे तो यहां पर खेल विभाग और यूपीसीए के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

यहां पर पूछताछ में बताया गया कि ग्रीनपार्क की दर्शक क्षमता जो करीब 45 हजार हुआ करती थी, वह अब घटकर 15 हजार 700 रह गई है.इतनी कम दर्शक क्षमता को देखते हुए यहां पर वनडे, टी20 और आईपीएल के मैच होना असंभव है. आपको बता दें कि ग्रीनपार्क ही ऐसा स्टेडियम है, जहां पर कुल मिलाकर अब तीन ड्रेसिंग रूम हो चुके हैं. इसी के चलते यहां की दर्शक क्षमता भी काफी ज्यादा घट गई है. सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वह खेल विभाग और यूपीसीए से प्रस्ताव ले रहे हैं. इसे खेल मंत्रालय के सामने रखा जाएगा, जरूरत पड़ी तो वह सीएम योगी से भी मिलेंगे और यहां की दर्शक क्षमता को फिर से 45 हजार के करीब कराया जाएगा, जिससे आने वाले समय में यहां पर टी 20 के साथ आईपीएल के मुकाबले भी दर्शक देख सकें. उन्होने कहा कि सारी बातों को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा. आईपीएल के जो भी मानक हैं, उन्हें भी पूरा कराने की कोशिश होगी. सांसद ने कहा कि बांग्लादेश के साथ होने वाले टेस्ट मैच से ग्रीनपार्क को काफी उम्मीदे हैं, इसके बाद यहां की दर्शक क्षमता बढ़ाने पर काम किया जाएगा.

