ABC News: बारिश के दौरान कानपुर के सिविल लाइंस से एक ऐसी तस्वीर सामने आयी, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां पर बारिश के दौरान मेनहोन का ढक्कर बार-बार उठते देखकर राहगीर भी ठहर गए. इस दौरान वाहनों का आवागमन भी रूक गया. जलनिगम अधिकारियों का मानना है कि गहरी सीवर लाइन में भरी गैस के प्रेशर से ऐसा हो सकता है.

बुधवार को तेज बारिश के दौरान सिविल लाइंस स्थित एमजी चौराहे से कचहरी रोड रोड पर कम रफ्तार से वाहन चल रहे थे, तभी अचानक पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पास सड़क के बीचोंबीच स्थित गहरी सीवर लाइन के चैंबर का ढक्कन एक तरफ से अचानक उठा और फिर यथा स्थिति में आ गया, इसके बाद करीब 10 सेकेंड तक बार-बार ऐसा हुआ. यह देखकर वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक लीं, एक शख्स ने छह सेकेंड का वीडियो भी बनाया, जो वायरल हो गया. इसमें यह ढक्कन 12 बार उठा. गौरतलब हो कि सीसामऊ नाले का पानी भैरोघाट चौराहे पर बने इंटरमीडिएट सीवेज पंपिंग स्टेशन से पंप कर गहरी सीवर लाइनों के माध्यम से जाजमऊ स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन भेजा जाता है.
