ABC News: गंगा एक बार फिर से मैली हो रही हैं. एक तरफ जहां सीसामऊ नाले का पानी गंगा में लगातार गिर रहा है, वहीं, जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट से करोड़ों लीटर दूषित पानी एयरफोर्स नाले के माध्यम से गंगा में गिराया जा रहा है. गंगा में गिरता दूषित पानी यह बताने के लिए काफी है कि गंगा की निर्मलता को लेकर अधिकारी कितने संवेदनशील हैं.

बताया जा रहा है कि इस समय वाजिदपुर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट में पांच एमएलडी और 36 एमएलडी के प्लांट की लाइन को 20 एमएलडी से जोड़ा जा रहा है. जिसकी वजह से टेनरियों का लाखों लीटर दूषित पानी गंगा में बहाया जा रहा है. आपको बता दें कि वाजिदपुर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट से गंगा में गिरते दूषित पानी की कहानी कोई नई हैं. इसके पहले भी मोटर खराब होने के नाम पर कई बार यहां पर पानी को एयरफोर्स और चोर नाले के माध्यम से बहाय जा चुका है. कानपुर में यह स्थितियां तब हैं, जब पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक गंगा की अविरलता और निर्मलता को लेकर काफी गंभीर हैं. हालांकि, इसको लेकर कोई अधिकारी बात करने से कतराता हुआ दिखा. यहां पर काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि 20 एमएलडी के प्लांट से चारों पंपिग स्टेशन की लाइन जोड़ी है. 21 जून तक काम को करने की अनुमति है. बताया जा रहा है कि जिस समय तक यह लाइन जोड़ी जा रही है, उस समय तक टेनरियों में गीला काम न करने के निर्देश दिए गए हैं, इसकी मॉनीटरिंग के लिए बकायदा प्रशासनिक अफसरों की ड्यूटी भी लगाई गई है लेकिन अफसरों की अनदेखी और टेनरी संचालकों की मनमानी ने पूरी कवायद पर पानी फेर दिया है. अफसरों की अनदेखी के चलते माना जा रहा है कि तय समयसीमा तक गंगा में इसी तरह टेनरियों का करोड़ों लीटर दूषित पानी ऐसे ही बहता रहेगा.

