ABC NEWS: महाशिवरात्रि पर यूपी समेत देश के शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्त जुटे हैं. बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी सुबह से बम-बम है. शिव भक्तों ने आज व्रत रखा है. पर्व का उल्लास हर ओर दिख रहा है. प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिवालयों पर भक्त सुबह से कतारों में लगे हैं. भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे भक्त लगातार ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष कर रहे हैं.
उधर, गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि पर गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक किया. उन्होंने भगवान शिव से लोकमंगल की कामना की. सीएम आज से चार दिन के गोरखपुर दौरे पर हैं. इस दौरान वह जिले को कई सौगातें देंगे. शुक्रवार को महिला दिवस के मौके पर सीएम योगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में 221 महिलाओं को सिलाई मशीन देंगे. वह धुरियापार में कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट का लोकार्पण भी करेंगे. कार्यक्रम में केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी के भी मौजूद रहने की संभावना है.

कानपुर में हर हर महादेव
हर हर महादेव… के उद्घोष के साथ शुक्रवार को कानपुर समेत आसपास के जिलों में महाशिवरात्रि का उल्लास देखने को मिल रहा है. बड़ी संख्या में शिवभक्त ऐतिहासिक शिवमंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व पूजन-अर्चन कर अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं. महाशिवरात्रि पर इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग, शिव योग जैसे संयोग भी बन रहे हैं. मान्यताओं के अनुसार यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के वैवाहिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है.
कानपुर में महाशिवरात्रि के मौके पर भगवान भोलेनाथ के भक्ति शिवालयों में उमड़ पड़े हैं. भगवान शंकर और माता पार्वती के विवाह के रूप में मनाए जाने वाले इस महाशिवरात्रि पर्व में लोग व्रत रख विशेष पूजन करने मंदिरों में पहुंचे . कानपुर के अलग-अलग शिव मंदिरों में सुबह हजारों भक्तों की भीड़ लाइन में दिखाई दी. मंदिर प्रांगण से लेकर मंदिर से 1 किलोमीटर दूर तक आते जाते लोग हर हर महादेव के जयकारे लगाते हुए दिखाई दिए.
कानपुर देहात के बाणेश्वर मंदिर में शुरू हुआ मेला
कानपुर देहात के रूरा कस्बे में स्थित बाणेश्वर महादेव मंदिर में भोर पहर से जलभिषेक के लिए मंदिर के कपाट खुले. सुबह से हजारों भक्तों भीड़ उमड़ी. कांवड़िये भी जल लेकर पहुंचे. मान्यता है कि इस मंदिर में मत्था टेकने से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। इस मंदिर की स्थापना बलि पुत्र बाणासुर ने कराई थी. पुजारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि इस मंदिर के पास से एक सुरंग बनी है, जो रिंद नदी तक गई है . यहां एक दंत कथा यह भी बताई जाती है कि भगवान शिव को लंका ले जाते समय रावण ने इस शिवलिंग को जमीन पर रख दिया था. इसके बाद वह इस शिवलिंग को अपने साथ नहीं ले सका था. यहां आज से मेला भी शुरू हुआ है, जो होली तक चलेगा.

