ABC NEWS: तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ. इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं. यूपी की 10, कर्नाटक की 4 और हिमाचल की एक राज्यसभा सीट पर मतदान हुआ. इस बीच हिमाचल की सीट पर चुनाव फंस गया है. कारण, कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशियों के बीच चुनाव टाई हो गया है. दोनों प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले हैं. ये सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस के लिए किसी झटके से कम नहीं है. वहीं बीजेपी में जश्न का माहौल है.
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में एक राज्यसभा सीट के लिए हुए चुनाव में कुल 68 विधायकों ने वोटिंग की. सूत्रों के मुताबिक बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही उम्मीदवारों को 34-34 वोट मिले हैं. पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि दोनों पार्टियों को बराबर वोट मिले हैं. इसकी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है. जानकारी के मुताबिक क्रॉस वोटिंग के चलते हिमाचल में पेंच फंसा है. 6 विधायकों ने कांग्रेस के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की है. यानी कांग्रेस को 6 वोट कम मिले हैं और ये सभी वोट बीजेपी को ट्रांफर हो गए.
बता दें कि बीजेपी पोलिंग एजेंट हेलीकॉप्टर के माध्यम से वोटिंग के लिए लाए गए बीमार कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू के वोट को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए वोट रद्द करवाने की मांग पर अड़े हैं. ये मामला इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को भेजा गया है. चुनाव आयोग की तरफ से नियम के मुताबिक स्थिति क्लियर होने के बाद ही फैसला घोषित होगा.
विधायकों को किडनैप कर ले गई हरियाणा पुलिस: सीएम सुक्खू
राज्यसभा चुनाव के बीच हिमाचल प्रदेश में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश के कई विधायक पंचकूला के सेक्टर एक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचे हैं. इसे आम जनता के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. सीएम सुक्खू ने बीजेपी पर विधायकों को किडनैप करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ बसों से हरियाणा पुलिस उनके विधायकों को किडनैप करके पंचकुला ले गई है. सियासी गलियारों में सुगबुगाहट है कि प्रदेश में सुक्खू सरकार पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं. कारण, कई विधायक बीजेपी के साथ जा सकते हैं.

