ABC NEWS: राज्यसभा में यूपी की 10 सीटों के लिए मतदान जारी है. इस बीच तीसरे उम्मीवार की जीत के लिए हाथ-पांव मार रही समाजवादी पार्टी में भगदड़ सी मच गई है. विधानस्भा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे मनोज पांडेय ने ऐन चुनाव के बीच पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपना इस्तीफा भेज दिया. उधर, वोट डालने के बाद अपने फेसबुक अकाउंट पर रामलला की फोटो पोस्ट कर सपा विधायक अभय सिंह ने जय रघुनंदन जय सियाराम और जय श्रीराम लिखकर संकेत देने की कोशिश की. इसके पहले वह विधायक राकेश प्रताप सिंह और विधायक राकेश पांडेय के साथ राज्यसभा चुनाव में वोट डालने पहुंचे थे. तीनों कल अखिलेश यादव की डिनर पार्टी में शामिल नहीं हुए थे. सपा में पड़ी फूट के बीच यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दावा किया है कि एनडीए उम्मीदवारों को आज 10 ज्यादा वोट मिलेंगे.
पल्लवी पटेल और अखिलेश यादव के बीच हुई बहस, सपा प्रमुख बोले- नहीं चाहिए वोट
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए जारी वोटिंग के बीच सपा के खेमे से बड़ी खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि पल्लवी पटेल और अखिलेश यादव के बीच बहस हुई. सूत्रों के अनुसार, पिछली नाराजगी पर बातचीत में बहस हुई. अखिलेश यादव ने गुस्से में पल्लवी पटेल से कहा कि वोट नहीं चाहिए. बता दें कि पल्लवी पटेल ने अब तक वोट नहीं डाला है और थोड़ी देर में में मतदान के लिए विधानसभा पहुंच सकती हैं.
सीएम योगी से सपा विधायकों ने मुलाकात की
यूपी में सपा के 5 विधायकों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है. इनमें अभय सिंह, राकेश सिंह, राकेश पांडेय, विनोद चतुर्वेदी, मनोज पांडेय का नाम शामिल है. ये सभी विधायक विधानसभा सचिवालय में सीएम से मिले हैं. वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्रवाई की बात कही है. अखिलेश ने कहा कि ये नेता कद्दावर माने जाते थे, लेकिन ऐसे निकले नहीं हैं.
बता दें कि संख्याबल के हिसाब से समाजवादी पार्टी को दो और भाजपा को सात प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने में कोई दिक्कत नहीं आने वाली थी लेकिन सपा ने तीसरे और भाजपा ने आठवें उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी. ऐसे में एक-एक वोट का महत्व बढ़ गया। राजा भैया के जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) पर भी दोनों पार्टियों की नज़र थी. हालांकि राजा भैया ने सोमवार को ही साफ कर दिया था उनके दल के दोनों वोट एनडीए उम्मीदवार को मिलेंगे. यूपी विधानसभा में संख्या बल के हिसाब इस वक्त एनडीए के पास कुल 277 वोट हैं। एक सीट पर जीत के लिए 37 वोटों की जरूरत है. ऐसे में एनडीए के सभी उम्मीदवारों को 37-37 वोट दिए जाने के बाद एनडीए के पास 18 वोट बचते. रालोद के नौ विधायकों ने भी एनडीए के पक्ष में मतदान किया है. राजा भैया के जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के दो वोट भी मिलने के ऐलान के बाद आठवें प्रत्याशी को लेकर एनडीए की स्थिति काफी मजबूत हो गई थी. अब समाजवादी पार्टी में पड़ी फूट ने उसके आठवें उम्मीदवार की जीत को आसान बना दिया है ऐसा लग रहा है.
उधर, समाजवादी पार्टी के पास कुल 108 वोट हैं। कांग्रेस से गठबंधन के बाद उसके दो वोट भी सपा को मिलने की बात है. इसके बाद भी तीसरे उम्मीदवार की जीत के लिए उन्हें और एक वोट की जरूरत थी. सपा के दो विधायक अभी जेल में हैं जिन्हें वोट डालने की इजाजत नहीं मिली है. इस बीच मनोज पांडेय, राकेश पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के एनडीए खेमे में दिखने से सपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कल अखिलेश की डिनर पार्टी से आठ विधायक गायब थे. उनमें पूजा पाल भी शामिल थीं. अखिलेश के डिनर से गायब रहने वाले आठ विधायकों में दो विधायक, भाजपा के विधायक राजराजेश्वर सिंह के साथ नज़र आए हैं.

