ABC NEWS: सनातन धर्म में स्नान-दान और पूजा-पाठ के लिए पूर्णिमा व्रत को बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है. वैदिक पंचांग के अनुसार, प्रत्येक हिन्दू माह के अंतिम दिन को पूर्णिमा तिथि के नाम से भी जाना जाता है. इस विशेष दिन पर भगवान विष्णु और चंद्र देव की उपासना करने से सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. बता दें कि माघ माह में पूर्णिमा तिथि को पूजा-पाठ के लिए अत्यंत फलदाई माना जाता है. आइए जानते हैं कब है माघ पूर्णिमा, शुभ मुहूर्त और पूजा महत्व.
माघ पूर्णिमा 2024 तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार, माघ माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 फरवरी दोपहर 03:33 से शुरू होगी और इस तिथि का समापन 24 फरवरी शाम 05:59 पर होगा. हिन्दू धर्म में उदया तिथि का विशेष महत्व है, ऐसे में माघ पूर्णिमा व्रत 24 फरवरी 2024, शनिवार के दिन रखा जाएगा.
माघ पूर्णिमा 2024 स्नान-दान समय
पंचांग बताया गया है कि पूर्णिमा तिथि के दिन सूर्योदय सुबह 06:42 पर होगा. वहीं इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 05:11 से सुबह 06:02 के बीच रहेगा. पूर्णिमा तिथि के दिन स्नान के लिए ब्रह्म मुहूर्त को बहुत ही उपयुक्त समय माना जाता है. साथ ही बता दें कि दान-पुण्य के लिए अभिजीत मुहूर्त को विशेष महत्व दिया गया है. इस दिन अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:11 से दोपहर 12:55 तक रहेगा.
माघ पूर्णिमा पूजा महत्व
शास्त्रों में पूर्णिमा तिथि के महत्व को विस्तार से बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो व्यक्ति पूर्णिमा तिथि के दिन पूजा-पाठ और स्नान-दान करता है. उन्हें सभी प्रकार के दुखों से मुक्ति मिल जाती है और जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है. इस विशेष दिन पर भगवान विष्णु की उपासना करने से धन ऐश्वर्य और आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त होता है. साथ ही पूर्णिमा तिथि के दिन व्रत का पालन करने से और जरूरतमंद लोगों को भोजन, वस्त्र या धन का दान करने से ग्रह दोष भी दूर होते हैं.

