ABC NEWS: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. प्रक्रिया पूरी करने के लिए आज सोनिया राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंची थीं. उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी थे. इसके अलावा कांग्रेस नेताओं और समर्थकों का हुजूम भी उनके साथ था. बता दें कि मौजूदा समय में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं.
सोनिया के नामांकन के बाद राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत का बयान आया. उन्होंने कहा,’प्रधानमंत्री पद का त्याग करने वाली श्रीमती सोनिया गांधीजी को कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने का हार्दिक स्वागत है. श्रीमती सोनिया गांधी का राजस्थान से दिल से जुड़ाव का रिश्ता है. जब श्री राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने थे, तब सोनियाजी उनके साथ आदिवासी बाहुल्य जिलों के दौरे पर आईं थीं. राजस्थान में अकाल के समय प्रधानमंत्री के रूप में राजीव जी 3 दिन तक स्वयं गाड़ी ड्राइव कर 9 अकाल प्रभावित जिलों के दौरे पर आए थे, तब भी सोनिया जी उनके साथ रहीं.’
#WATCH | Jaipur | Congress Parliamentary Party Chairperson Sonia Gandhi files her nomination for the Rajya Sabha election, from Rajasthan.
Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi Vadra, Ashok Gehlot and Govind Singh Dotasra are with her.
(Video: Rajasthan Vidhan Sabha PRO) pic.twitter.com/htQ5rSFOvV
— ANI (@ANI) February 14, 2024
प्रदेश के लिए खुशी की बात: गहलोत
गहलोत ने आगे कहा,’मेरे प्रथम कार्यकाल में जब 4 बार भयंकर अकाल-सूखे का सामना करना पड़ा तब सोनियाजी ने अकाल राहत के कार्यों का जायजा लेने के लिए अनेकों जिलों के कई बार दौरे किए जिन्हें राजस्थान की जनता अभी भी नहीं भूली है. यूपीए सरकार के समय राजस्थान में रिफाइनरी, मेट्रो जैसे बड़े प्रोजेक्ट लाने एवं केन्द्र से सहयोग दिलवाने में सोनिया ने NAC चैयरपर्सन के रूप में हमेशा राजस्थान के हितों की रक्षा कर मजबूती से पैरवी की. आज उनके राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर घोषणा होना पूरे प्रदेश के लिए खुशी की बात है और इस घोषणा से सारी पुरानी यादें भी ताजा हो गई हैं.’
बता दें कि कांग्रेस ने सोनिया के अलावा चार और उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इसमें बिहार से अखिलेश प्रसाद, हिमाचल प्रदेश से अभिषेक मनु संघवी और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे का नाम शामिल है.

