ABC NEWS: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड के सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में प्रवेश कर चुकी है. राहुल गांधी शनिवार को देवघर पहुंचे। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में जाकर पूजा अर्चना की और रुद्राभिषेक भी किया. हालांकि, मंदिर परिसर से निकलते वक्त उस हंगामा हो गया जब कुछ लोग उनके सामने जय श्री राम और मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे.
मणिपुर से मुंबई की यात्रा पर निकले राहुल गांधी 21वें दिन झारखंड पहुंचे. पश्चिम बंगाल के रास्ते झारखंड में दाखिल होने के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने यात्रा का स्वागत किया. झारखंड में यात्रा 8 दिन में 13 जिलों से गुजरते आगे बढ़ेगी. राहुल गांधी ने देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की. गुलाबी रंग की धोती और माथे पर त्रिपुंड लगाए कांग्रेस नेता शिवभक्ति में लीन दिखे. उन्होंने रुद्राभिषेक किया. कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा गया, ‘आज राहुल गांधी जी ने झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैधनाथ धाम में रुद्राभिषेक कर देश की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की.’
मंदिर परिसर से निकलते वक्त कुछ लोगों ने उनके सामने जय श्री राम और मोदी-मोदी के नारे लगाए. राहुल गांधी कड़ी सुरक्षा के बीच मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए. भाजपा नेताओं ने हंगामे का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा है. भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ‘राहुल गांधी जी यात्रा का यह विरोध कांग्रेस की मुस्लिम परस्त नीतियों का है. माननीय प्रधानमंत्री जी के विकास का समर्थन है. गोड्डा लोकसभा के विकास के लिए संथालपरगना की एक-एक जनता मोदी है.’
राहुल गांधी की यात्रा को लेकर मंदिर में फूलों की की गई सजावट को लेकर भी भाजपा सांसद ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन झारखंड सरकार ने मंदिर को नहीं सजवाया था. सासंद ने लिखा, ’22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के विराजमान के समय पूरे देश में मंदिर सजा लेकिन बाबा बैद्यनाथ जी का मंदिर देवघर नहीं सजा. आज मुस्लिम तुष्टिकरण के ध्वज वाहक सांसद राहुल गांधी जी के लिए मंदिर सजाया गया है. यह है कांग्रेस व झारखंड सरकार। जानकारी के लिए इस मंदिर के पदेन अध्यक्ष मुख्यमंत्री होते हैं.’

