ABC NEWS: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर टिकटों के ऐलान का सिलसिला शुरू हो गया है. समाजवादी पार्टी ने आज मंगलवार को लोकसभा चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मैनपुरी संसदीय सीट से उतारा गया है जबकि फिरोजाबाद सीट से अक्षय यादव को मैदान में उतारा गया है. धर्मेंद्र यादव बदायूं सीट से चुनाव लड़ेंगे.

समाजवादी पार्टी ने आज 16 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. संभल लोकसभा सीट से बुजुर्ग नेता शफीकुर्रहमान बर्क को उतारा गया है. जबकि फिरोजाबाद संसदीय सीट से अक्षय यादव और मैनपुरी सीट से डिंपल यादव तो बदायूं से धर्मेंद्र यादव चुनावी ताल ठोंकेंगे. इस तरह से पहली लिस्ट में प्रदेश की सियासत में बेहद अहम माने जाने वाले यादव परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं. इस लिस्ट में अखिलेश यादव का नाम नहीं है.
2014 और 2019 में ऐसा रहा था परिणाम
2014 के लोकसभा चुनाव में एनडीए ने यूपी की 80 में से 73 सीटें जीती थीं. बीजेपी 71 और अनुप्रिया पटेल की अपना दल ने दो सीटों पर कब्जा जमाया था, लेकिन 2019 के चुनाव में सपा-बसपा-आरएलडी गठबंधन के चलते बीजेपी का समीकरण गड़बड़ा गया था. ऐसे में बीजेपी गठबंधन 80 लोकसभा सीटों में से 64 सीटें ही जीत सका था. इस तरह से 2014 की जीती अपनी 9 सीटें 2019 में गंवा दी थी.
2019 में बीजेपी इन 16 सीटों पर हारी
लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी को बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, राययबरेली, घोसी, लालगंज, जौनपुर, अंबेडकर नगर, गाजीपुर, श्रावस्ती, मैनपुरी, सहारनपुर, आजमगढ़, रामपुर और नगीना इन 16 सीटों पर हार मिली थी. इन 16 सीटों में से 10 बसपा, पांच सपा और एक कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, लेकिन बीजेपी ने उपचुनाव में आजमगढ़ और रामपुर की सीट पर जीत हासिल कर ली. इस तरह से अब बीजेपी का फोकस 14 सीटों पर है, जिसके लिए मंथन किया जा रहा है.
CM योगी के गढ़ में काजल पेश करेंगी चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर से श्रीमति काजल निषाद को उतारा गया है, जबकि पड़ोसी सीट बस्ती से राम प्रसाद चौधरी साइकिल की सवारी करेंगे. अंबेडकरनगर संसदीय सीट से श्रीलाल जी वर्मा को टिकट दिया गया है. फैजाबाद सीट से सपा की ओर से अवधेश प्रसाद चुनौती पेश करेंगे. बांदा लोकसभा सीट से शिवशंकर सिंह पटेल को मौका दिया गया है.

