ABC NEWS: कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी-मैथा मार्ग पर सरैयां मोड़ के पास मंगलवार देररात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन लुटेरों को दबोच लिया. इनमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए. मौके पर पहुंचे अफसरों ने छानबीन के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा.
बैरी-शिवली मार्ग पर सरैयां मोड़ के पास एसआई राजपाल सिंह, कृपाल सिंह व राम सिंह चेकिंग कर रहे थे. इसी बीच बाइक सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया पर वे फायरिंग कर भागने लगे. पुलिस की जवाबी कारवाई में गोली लगने से साहिल निवासी विक्रमपुर थाना चौबेपुर और मेहताब उर्फ भूरा निवासी बिकरू थाना चौबेपुर घायल हो गए. पुलिस कर्मियों ने तीसरे साथी इमरान निवासी शंकर नगर शिवली को भी दबोच लिया. साहिल के बाएं और मेहताब के दाएं पैर में गोली लगी. उनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस व जसपुरवा गांव के पास सिक्योरिटी गार्ड से लूटा गया मोबाइल समेत तीन फोन बरामद हुए.
मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी राजेश पांडेय, सीओ शिव ठाकुर मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी शिवली भेजा. एएसपी ने बताया कि तीसरे बदमाश इमरान से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कटी हुई बाइक भी बरामद कर ली. मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए. तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कारवाई होगी.

