ABC NEWS: फ्रैंकफर्ट और बेंगलुरु के बीच लुफ्थांसा की फ्लाइट में एक महिला यात्री का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया. 52 साल के एक व्यक्ति को महिला का उत्पीड़न करने पर गिरफ्तार किया गया है. घटना 6 नवंबर की है. आंध्र प्रदेश के तिरुपति की एक 32 साल की महिला ने आरोप लगाया है कि जब वह सो रही थी तो उसके बगल में बैठे एक व्यक्ति ने उसके निजी अंगों को छुआ.
महिला ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद महिला ने मामले की जानकारी फ्लाइट अटेंडेंट को दी. इसलिए यात्रा के दौरान उनकी सीट बदल दी गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट के बेंगलुरु में उतरने के बाद महिला ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया.
जमानत पर हुआ रिहा
महिला का आरोप है कि जब वह सो रही थी, तो उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके प्राइवेट पार्ट को छुआ और अनुचित व्यवहार किया. इसके बाद, उसने एक फ्लाइट अटेंडेंट को बुलाया और यात्रा के दौरान उस व्यक्ति द्वारा लगातार उत्पीड़न के कारण सीट बदलने का अनुरोध किया. पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया.

