ABC NEWS: शनिवार को शुरू हुई हमास-इजरायल की लड़ाई ने मध्य-पूर्व में भूचाल ला दिया है. हमास के इजरायल पर हमले से शुरू हुई इस जंग में अब इजरायल हमास के कब्जे वाले गाजा पट्टी पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है. इन हमलों के कारण गाजा पट्टी में अब तक सात मस्जिद जमींदोज हो गई हैं. इजरायल के रॉकेट हमले में सेंट्रल गाजा में स्थित अल अब्बास मस्जिद भी गिर गई है.
तुर्की की सरकारी न्यूज एजेंसी अनादोलु एजेंसी के मुताबिक, इजरायल ने इससे पहले गाजा की अल-सूसी, अल-यारमौक, अल-अमीन मुहम्मद, अहमद यासीन, अल-हबीब मोहम्मद और अल-गरबी मस्जिदों पर भी हमला कर उन्हें तबाह कर दिया है.

गाजा स्थित फिलिस्तीन के आतंकवादी समूह हमास ने इजरायल पर अपने हमलो को ऑपरेशन अल-अक्सा फ्लड नाम दिया है. हमास का कहना है कि इजरायल पर उसका यह हमला पूर्वी यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद पर इजरायली बलों की छापेमारी और हिंसा का बदला है.
Anadolu reports from the site of the Al-Susi mosque, which is one of at least seven destroyed in Israeli airstrikes on the Gaza Strip since the conflict flared up again over the weekend
Witnesses say the mosque was struck while Palestinian children were playing football nearby,… pic.twitter.com/0JuJPAgqUo
— Anadolu English (@anadoluagency) October 9, 2023
जवाबी कार्रवाई में, इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ ऑपरेशन स्वॉर्ड्स ऑफ आयरन शुरू किया है.
इजरायली स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लड़ाई में कम से कम 800 इजरायली मारे गए हैं और 2,300 से अधिक अन्य घायल हुए हैं. वहीं, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजरायली हमले में 560 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए और 2,900 से अधिक घायल हुए हैं.

हमले के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था इजरायल
हमास ने अचानक से इजरायल पर हमला कर दिया जिसके लिए इजरायल बिल्कुल भी तैयार नहीं था. पिछले 50 से अधिक सालों में हमास ने इजरायल पर कई हमले किए हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब हमास के आतंकी इजरायल के शहरों में घुस गए और वहां जमकर खून-खराबा किया.
हमास आतंकियों ने इजरायली नागरिकों को उनके घर से अगवा कर बंदी बना लिया, उनकी हत्याएं कीं. इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद की गिनती दुनिया के बेहतरीन खुफिया एजेंसियों में होती है, बावजूद इसके हमास के हमले से पहले उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी, जिसे लेकर मोसाद की आलोचना भी की जा रही है.
हमास के हमले के बाद इजरायल के रक्षा मंत्री ने योआव गैलेंट ने फिलिस्तीन को चेतावनी देते हुए कहा कि हमास ने बड़ी गलती कर दी है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा प्रमुखों की एक बैठक में कहा कि ‘यह एक जंग है और हम ये जंग जीतेंगे.’
वहीं, इजरायल के कैबिनेट सचिव योसी फुक्स ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा है कि पहले गाजा युद्ध को आखिरी गाजा युद्ध बनाने की योजना है.

