ABC News: कानपुर के रानीघाट स्थित भेरोघाट पंपिग स्टेशन में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बर्थडे पार्टी मनाने के दौरान की गई फायरिंग में एक शख्स घायल हो गया. फायरिंग और गोली लगने का वीडियो पंपिग स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. पुलिस एक आरोपी को हिरासत मेें लेकर पूछताछ कर रही है.

बताया जा रहा है कि देर रात भैरव घाट पंपिग स्टेशन परिसर में कुछ युवक अपने साथी नीरज की बर्थडे पार्टी मना रहे थे. पार्टी में दोस्तों के बीच जमकर शराब भी चली. इसी बीच, एक युवक ने अपनी कमर से तमंचा निकाला और हवाई फायरिंग करने की कोशिश की. हालांकि, उसका फायर मिस हो गया और गोली सामने बैठे हुए नीरज के पेट में लग गई. गोली लगते ही नीरज जमीन पर गिर पड़ा तो उसके दोस्तों में भी हड़कंप मच गया. आनन-फानन में नीरज को उठाकर उसके दोस्त अस्पताल ले गए. नीरज के भाई का कहना है कि कि गोली पेट के आरपार हो गई है.

अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है. वहीं, एसीपी कर्नलगंज का कहना है कि पीड़ित का बयान लिया गया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ कर तमंचे के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं, इस घटना के बाद पंपिग स्टेशन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. अति सुरक्षित क्षेत्र होने की वजह से भैरव घाट पंपिग स्टेशन बाहरी व्यक्तियों के आने पर रोक है. इलाकाई लोगों का कहना है कि रोक के बावजूद आसपास के अपराधी तत्व के लोगों का यहां पर बेरोकटोक आना जाना जारी रहता है.

