ABC News: तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास जिस रेल कोच में आग लगने की घटना हुई उसमें सीतापुर के 10 लोग मौजूद थे. इन सभी की बुकिंग विजय लक्ष्मी नगर स्थित भसीन टूर एंड ट्रैवेल्स से की गई थी. 17 अगस्त से लेकर 30 अगस्त तक यह यात्रा प्रस्तावित थी. हादसे में जिले के शत्रु दमन सिंह (65) की मौत की सूचना मिली है.

जिले की आदर्श नगर निवासी मिथिलेश (50) भी इसी ट्रेन में थीं. उनकी भी मौत की पुष्टि हो गई है. उन्हें आज रामेश्वरम के दर्शन करने थे लेकिन इस हादसे की खबर आई. हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया. उनके दामाद ने बताया कि शनिवार को ट्रेन रामेश्वरम पहुंचती. उनकी सास रामेश्वरम दर्शन के लिए काफी उत्साहित थी लेकिन हमें हादसे में उनके गंभीर रूप से घायल होने की बात पता चल रही है. हम लोग लगातार कंट्रोल रूम से संपर्क में हैं. हालांकि, उनकी मौत की जानकारी परिजनों को दे दी गई है. हादसे में मिथिलेश के पति शिव प्रताप घायल हैं. इसी तरह शत्रुदमन की पत्नी भी घायल हैं. दोनों का इलाज चल रहा है.

जिले की नीरज मिश्रा व उनकी पत्नी सरोजनी गंभीर रूप से घायल हैं. शिवप्रताप की साली सुशीला सिंह भी गंभीर घायल हैं. जानकारी के मुताबिक लखनऊ से रामेश्वरम जा रही इस ट्रेन के प्राइवेट पार्टी कोच में आग लगी थी. मदुरै रेलवे स्टेशन के पास खड़ी ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई. इस आग में झुलसकर 10 लोगों की मौत हो गई है. इसके साथ ही इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. आग टूरिस्ट कोच में लगी थी. अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की घटना की सूचना सुबह करीब 5.15 बजे मिली जब ट्रेन मदुरै यार्ड जंक्शन पर रुकी हुई थी. इस मामले में मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से वार्ता की है.

