ABC News: हैलट से एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं की लचर तस्वीर सामने आयी है, यहां पर वार्ड में भर्ती एक मरीज को अस्पताल से बाहर फिंकवा दिया गया. इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. दर्द से कराहते मरीज के पैर में प्लास्टर चढ़ा था. बताया जा रहा है कि युवक को गैंगरीन नाम की बीमारी है. उसे कुछ लोगों ने 5 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था. एक दो दिन बाद डॉक्टरों ने उससे घर जाने को कहा. उसने असमर्थता जताई, तो रात में डॉक्टर ने वार्ड बॉय के जरिए उसे बाहर फेंकवा दिया. CMS ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं.

बाबूपुरवा के बगही का पवन कुमार (35) के पैर में गैंगरीन है. जिसके चलते वह चलने में असमर्थ है. बुधवार को वह स्वरूप नगर के पास रास्ते में तड़प रहा था. तभी राहगीरों ने उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (हैलेट) में भर्ती कराया. यहां पर डॉक्टर ने इमरजेंसी में इलाज शुरू किया. इसके बाद वार्ड-5 में शिफ्ट कर दिया. पवन ने बताया कि डॉक्टरों ने मेरा कोई भी इलाज नहीं किया. डॉक्टर रोज कहते थे कि तुम्हारा पैर सड़ गया है. इसका इलाज नहीं हो पाएगा. यहां से जाओ, जब मैंने जाने में असमर्थता जताई तो डॉक्टरों ने मुझे अस्पताल से बाहर फेंकवा दिया. अस्पताल के गेट के बाहर मैं तड़पता रहा. तभी एक सिक्योरिटी गार्ड ने इमरजेंसी विभाग में जानकारी दी. इसके बाद इमरजेंसी के डॉक्टर मौके पर पहुंचे और मुझे स्ट्रेचर में लादकर फिर वापस इमरजेंसी ले गए. सुबह फिर से वार्ड में शिफ्ट किया गया है.

वहीं,खुद को फंसता देख हैलट चौकी में जाकर डॉक्टरों ने मरीज के भागने की झूठी सूचना दे दी. जब पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि मरीज अस्पताल के गेट नंबर दो के पास पड़ा हुआ है और हॉस्पिटल के कुछ डॉक्टर भी वहां पर मौजूद मिले. घटना के बाद मामले की गंभीरता को भांपते हुए डॉ. आरसी सिंह खुद मरीज के पास पहुंचे वहां पर मरीज की बेड पर चादर न देख उन्होंने वार्ड बॉय से तुरंत चादर डलवाने की बात कही इसके बाद मरीज से हालचाल जाना मरीज ने खाने की इच्छा जाहिर की तो डॉक्टर सिंह ने तत्काल खाने की व्यवस्था कराई. उन्होंने वार्ड में तैनात वार्ड बॉय और सिस्टर से कहा कि मरीज का पूरा ख्याल रखा जाए. यदि किसी प्रकार की कोई समस्या आ रही हो तो सीधे मुझसे बात करें.

