ABC News: कानपुर में जिला कारागार में विभिन्न अपराधों में बंद कैदी भी रेडियो जॉकी की भूमिका में नजर आएंगे. इसके लिए जल्द ही जेल में रेडियो स्टेशन का संचालन शुरू किया गया है. कैदियों को प्रोफेशनल्स रेडियो जॉकी ने बकायदा ट्रेनिंग देना शुरू भी कर दिया है. माना जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन से जेल रेडियो की शुरूआत हो सकती है.

जेल अधीक्षक बीडी पांडेय का कहना है कि जेल के अंदर फ्रीक्वेंसी आधारित नहीं बल्कि वायर्ड रेडियो का संचालन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि रेडियो के माध्यम से कैदियों का स्वस्थ मनोरंजन किया जाएगा. गीत-संगीत के साथ कैदियों के हित में चलने वाली शासकीय योजनाओं, पेरोल आदि से जुड़ी जानकारियां भी इसमें प्रसारित की जाएंगी. इसके अलावा कैदियों ने अगर कोई कविता या गीत लिखा है तो उसे भी जेल में चलने वाले रेडियो में सुनाया जाएगा. इसमें आरजे की भूमिका यहां बंद कैदी ही निभाएंगे. उन्होंने बताया कि कैदियों के जीवन स्तर में बदलाव के लिए रेडियो की स्थापना की जा रही है. इसके लिए सजायाफ्ता कैदियों की एक टीम बनाई जाएगी. जिनकी भाषा और लहजा दोनों अच्छा होगा. कैदियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का लक्ष्य रखते हुए प्रत्येक बैरक में स्पीकर और सिस्टम लगाए गए हैं. जिससे कैदी प्रतिदिन सुबह और शाम रेडियो के माध्यम से स्वस्थ मनोरंजन प्राप्त कर सकेंगे. जेल अधीक्षक बीडी पांडे ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कैदियों की मानसिक स्थिति में सुधार करना है.

