ABC NEWS: सांसदी बहाल होने के बाद पहली बार लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर तीखा और सीधा हमला बोला. अविश्वास प्रस्ताव पर बहस में हिस्सा लेते हुए राहुल ने कहा कि रावण भी सिर्फ दो लोगों की सुनता था कुंभकर्ण और मेघनाद की, मोदी भी सिर्फ दो लोगों की सुनते हैं अमित शाह और अडानी की. उन्होंने कहा कि लंका को हनुमान ने नहीं जलाया बल्कि रावण के अहंकार ने जलाया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मणिपुर में देश की हत्या की है और आप देशद्रोही हो. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राहुल ने कहा कि इन लोगों ने मेरी भारत मां की हत्या की है. आप पूरे देश में केरोसीन भेज रहे हो, मणिपुर में केरोसीन भेजी, चिंगारी से आग लगा दी और अब हरियाणा में कर रहे हो… पूरे देश में आग लगाना चाहते हो. राहुल की इस बात पर बीजेपी सांसदों ने उनसे माफी मांगने को कहा.

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल ने अपने भाषण की शुरुआत सूफी संत जलालुद्दीन रूमी के संदेश से की. उन्होंने गौतम अडानी को लेकर सरकार पर तंज कसा और कहा, “अध्यक्ष महोदय, मुझे लोकसभा में बहाल करने के लिए आपका धन्यवाद. जब मैंने आखिरी बार यहां बात की थी तो शायद मैंने आपको ठेस पहुंचाई थी. मैं आपसे माफी मांगना चाहता हूं. मैंने पिछली बार अडानी के मुद्दे पर जोर से बोला था. उससे आपके सीनियर नेता को कष्ट हुआ. आपको भी तकलीफ हुई. आज मेरा भाषण अडानी पर नहीं बोलने जा रहा है, आप आराम कर सकते हैं, शांत रह सकते हैं.” राहुल ने कहा कि रूमी कहते हैं कि जो शब्द दिल से आते हैं, वो शब्द दिल में जाते हैं. इसलिए मैं दिमाग से नहीं, दिल से बोलना चाह रहा हूँ और मैं आज आप लोगों पर उतना आक्रमण नहीं करने जा रहा हूं. एक-दो गोले जरूर मारूंगा, पर उतना नहीं मारूंगा.

