ABC News: पनकी थानाक्षेत्र में सरेआम छात्रा का दुपट्टा खींचने के मामले में पुलिस ने दो शोहदों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पूर्व में पुलिस के रवैये को लेकर सवाल खड़े हुए थे. बाद में पुलिस ने खुद वादी बनकर मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तफ्तीश करते हुए पनकी पुलिस ने गुजैनी निवासी रोहित सचान और शेखर को गिरफ्तार किया है.

डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने बताया कि एक अन्य आरोपी अर्जुन लूट के मामले में एक दिन पहले गोविंदनगर थाना से जेल जा चुका है. उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन शेखर बॉथम स्कूटी चला रहा था और रोहित ने दुपट्टा खींचा था. आपको बता दें कि पिछले दिनों पनकी के भाटिया तिराहा से स्टेशन जाने वाली सड़क पर जब छात्राएं स्कूल से घर जा रही थीं. तभी पीछे से स्कूटी पर आए तीन शोहदों में से एक ने झपट्टा मारकर छात्रा का दुपट्टा छीन लिया था और हवा में उसे लहराते हुए भाग निकले थे. छेड़खानी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. इसके बाद जब पुलिस पर सवाल उठे, तो उसने ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए दोनों शोहदों को गिरफ्तार कर लिया. डीसीपी पश्चिम ने कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जागरूक किया जा रहा है. स्कूलों में भी कहा जा रहा है कि इस तरह की घटना होने पर उसे छिपाए नहीं, जिससे कि आरोपियों पर सख्त एक्शन लिया जा सके.

