ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) 200 से 225 रुपये किलो टमाटर बिकना चिंता की बात नहीं है. यह टमाटर का सीजन नहीं है, इसलिए महंगा है. यह बात शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सीएसए विवि में समीक्षा के दौरान प्रेसवार्ता में कही. कहा कि टमाटर का सीजन सितंबर से जून तक होता है। इस साल अत्याधिक बारिश ने टमाटर की फसल को खासा नुकसान पहुंचाया है. सीजन आते ही टमाटर की कीमत काबू में होगी. कहा कि किसान प्रोट्रेक्टिव खेती की ओर बढ़ें.
कहा कि प्रदेश के सभी 63 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों की मदद कर रहे हैं. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी, जिसे केंद्र सरकार से आग्रह कर 10 अगस्त तक बढ़ा दी. सिर्फ दो फीसदी प्रीमियम पर फसल का बीमा हो जाता है। प्रतिकूल मौसम में फसल बीमा जरूरी है. हर किसान बीमा कराकर नुकसान से बच सकते हैं. बैंकों संग बैठक कर सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
68 हजार गांवों में किसान पाठशाला शुरू होगी. प्रदेश में प्राकृतिक व श्रीअन्न (मोटे अनाज) को बढ़ावा देने का प्रयास है. प्रदेश के सभी विवि मोटे अनाज की उत्कृष्ट प्रजाति के बीज विकसित कर रहे हैं, जिससे किसानों को जैविक खेती में भी अच्छी पैदावार मिल सके.
जल्द होगी शिक्षकों की भर्ती
कृषि मंत्री ने शिक्षकों की कमी पर कहा कि विश्वविद्यालय देश का पुराना संस्थान है. इसे पुराना मुकाम दिलाने का प्रयास है. शिक्षकों की भर्ती के लिए नए कुलपति का इंतजार था. कुलपति आ गए हैं, अब जल्द निर्धारित शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी.
शासन के पत्रों को विवि गंभीरता से लें
कृषि मंत्री ने कहा कि सभी विवि शासन के पत्रों को गंभीरता से लें. अगर कोई शिकायत पर शासन आख्या मांग रहा है तो संबंधित विवि गंभीरता से जवाब दें. प्लान या नॉन-प्लान के पदों को लेकर विवि कुलपति गंभीरता से फैसला लें.

