ABC NEWS: सपा से अलग होने के बाद एक दिन पहले एनडीए में शामिल हुए सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर सपा और उनके नेता लगातार हमलावर हैं. एक दिन पहले लखनऊ गए सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने राजभर पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि राजभर का कोई भरोसा नहीं है कि वह कब कहां चले जाएं. सोमवार को शिवपाल यादव ने ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो ट्वीट करके तंज कसा. राजभर वीडियो में भाजपा बताने की बात कह रहे हैं. वीडियो उस समय का है जब राजभर सपा में थे, उस दौरान राजभर ने भाजपा को लेकर कई तीखे हमले बोले थे. शिवपाल यादव ने ट्वीट कर लिखा, बाजा बजाते-बजाते खुद ही बैंड बन गए हैं. अब तो इनका समाज भी इनकी असलियत समझ चुका है कि ये असल में किसी के नहीं है. अब तो यह महोदय अपने समाज के ठेकेदार भी नहीं रहे.
शिवपाल ने एक दिन पहले भी राजभर पर तीखे प्रहार किए थे. दरअसल शिवपाल यादव रविवार को लखनऊ के गोसाईंगंज के खजुआ गांव में आयोजित आम महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे. राजभर पर हमलावर हुए शिवपाल ने कहा था कि ये चाहे जहां से चुनाव लड़े इनकी जमानत जब्त हो जायेगी. आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी हार होगी. देश के किसी भी प्रदेश में वो चुनाव नहीं जीत रही है. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी इनको हरा कर भेजेगी. उन्होंने कहा था कि विपक्ष लगातार मजबूत होता जा रहा है. 2024 में भाजपा सरकार नहीं आएगी. शिवपाल यादव ने सुभासपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा था, कुछ दिन पहले तक राजभर मायावती को प्रधानमंत्री बना रहे थे. अब वह खुद दूसरे दल में जाकर बैठ गए. उन्होंने कहा, ऐसे ही एक और मंत्री हैं जो कह रहे थे कि सपा समाप्त पार्टी है, जबकि कौशांबी में हुए चुनाव में वह खुद हार गए थे.
बाजा बजाते-बजाते खुद ही बैंड बन गए। अब तो इनका समाज भी इनकी असलियत समझ चुका है कि ये असल में किसी के नहीं हैं। अब तो ये महोदय अपने समाज के ठेकेदार भी नहीं रहे। pic.twitter.com/1XuNGrxQ7n
— Shivpal Singh Yadav (@shivpalsinghyad) July 17, 2023
शिवपाल के बयान पर अरुण राजभर ने किया था पलटवार
रविवार को एक कार्यक्रम में लखनऊ पहुंचे शिवपाल ने राजभर पर जब हमला बोला तो सुभासपा प्रमुख के बेटे अरुण राजभर ने भी जवाब पर पलटवार कर दिया. उन्होंने ट्विट में लिखा है कि शिवपाल सिंह यादव का समाजवादी पार्टी में कोई वजूद नहीं है. उन्हें जिसने अपमानित किया व धक्के मारा वहीं जाकर चिपक गए हैं. रविवार को किए ट्विट में अरुण ने लिखा है कि शिवपाल यादव को जिसने जलील किया अपमानित किया धक्का मार भगाया कार्यकर्ताओं ने खूब अपशब्द बोलें फिर वहीं जाकर चिपक गए. आपका सपा में कोई वजूद नहीं है। पूरी सपा का पिछड़े, दलित, गरीब, अल्पसंख्यक मिलकर जब्त कराएंगे. सपा बताए चार बार की सरकार में कितने अति पिछड़े, अति दलित और कितने मुसलमानों को भागादारी दिया. सिर्फ उनका इस्तेमाल करने का काम किया यही काम विधानसभा चुनाव में भी सपा ने किया. विपक्ष ईडी, सीबीआई, आईटी के डर से पूरी तरह डरा है. जनता को सब मालूम है। देश की जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आगे बढ़ेगी.

