ABC News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 यूपी में भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी. इसका एलान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कर दिया है. उन्होंने इस संबंध में शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली मे मुलाकात की थी और आज गठबंधन का एलान कर दिया है. इस निर्णय से यूपी में भाजपा के ‘मिशन 80’ की संभावना मजबूत होगी.
भाजपा और सुभासपा आए साथ
सामाजिक न्याय देश की रक्षा- सुरक्षा, सुशासन वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेगी। pic.twitter.com/CDMXCc9EAM
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) July 16, 2023
गठबंधन का एलान करने पर राजभर ने कहा कि सामाजिक न्याय देश की रक्षा- सुरक्षा, सुशासन वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेगी. सुभासपा और भाजपा का गठबंधन होने से एनडीए को मजबूती मिलेगी और मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए द्वारा गरीबों व वंचितों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों को और बल मिलेगा. उन्होंने कहा कि फिलहाल भाजपा से सुभासपा के गठबंधन का एलान हो चुका है. जो कुछ मुद्दे जो रह गए है उस पर 18 जुलाई की बैठक में बात होगी. उन्होंने कहा कि धर्म सिंह सैनी बहुत जल्द हमारे साथ दिखेंगे. उन्होंने कहा कि यूपी में अब विपक्ष नहीं रह गया है. लोकसभा चुनाव में एनडीए की लड़ाई अब किसी से नहीं है. इस मौके पर उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि अखिलेश पिछड़े नेताओ को लोडर बनाकर रखना चाहते हैं और भाजपा लीडर बनाकर रखती है इसलिए हमने दोबारा भाजपा को चुना है.

सपा ने लंबे समय तक किसी पिछड़े को नेता नहीं बनने दिया. अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर भी उन्होंने निशाना साधा और कहा कि पीडीए में पिछड़ा बचा ही नहीं है, क्योंकि ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल उसमें हैं ही नहीं. उन्होंने आगे कहा, पीडीए में दलित क्यों आएगा? क्या अखिलेश यादव ने कभी प्रमोशन में आरक्षण की वकालत की? अल्पसंख्यक को लेकर सुभासपा नेता ने कहा कि क्या कभी मुस्लिम को सीएम या डिप्टी सीएम बनाया? मुसलमान समझ रहा है कि उसका समाजवादी पार्टी में शोषण हो रहा है.

